पडरौना जाने वाले राहगीरों की बढ़ी मुश्किलें, सड़क पर जाम से रेंगते वाहन

Spread the love

लंबी कतारों में फंसे राहगीर, एंबुलेंस भी हूटर बजाकर निकलने के लिए जूझती रही; यातायात व्यवस्था पर उठे सवाल

कुशीनगर (सच्ची रिपोर्ट)।

पडरौना जाने वाले लोगों की मुश्किलें इन दिनों सड़क पर लगने वाले जाम से बढ़ती नजर आ रही हैं। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाने से राहगीरों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालात ऐसे हैं कि वाहन चालकों को चींटी की चाल चलने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। सड़क पर वाहनों की भीड़ के बीच यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित नजर आती है।

जाम की स्थिति में आम राहगीरों के साथ-साथ मरीजों को लेकर जा रही एंबुलेंस भी फंसती दिखाई दे रही हैं। हूटर बजाकर रास्ता मांगने के बावजूद एंबुलेंस को भीड़ के बीच से निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। ऐसे हालात में मरीजों की जिंदगी और स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ना स्वाभाविक है।

स्थानीय लोगों का सवाल है कि जब सड़क पर इस तरह की भीषण भीड़ और जाम की स्थिति बनी रहती है, तो यातायात पुलिस की सक्रियता आखिर कहां नजर आती है? यातायात पुलिस की मौजूदगी और गैरमौजूदगी से यदि जाम की स्थिति में कोई फर्क नहीं पड़ रहा, तो व्यवस्था की जिम्मेदारी कौन संभालेगा?

सड़क पर लगने वाले जाम से न केवल लोगों का समय बर्बाद हो रहा है, बल्कि आपातकालीन सेवाओं के लिए भी गंभीर चुनौती खड़ी हो रही है। यदि समय रहते यातायात व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो किसी गंभीर मरीज को अस्पताल पहुंचने में होने वाली देरी भारी पड़ सकती है।

अब सवाल यह है कि क्या जिम्मेदार अधिकारी इस जाम की समस्या को गंभीरता से लेते हुए यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए कोई ठोस कदम उठाएंगे, या पडरौना जाने वाले राहगीर इसी तरह सड़क पर रेंगने को मजबूर रहेंगे?

के.एन.साहनी

सच्ची रिपोर्ट, कुशीनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *