विकलांग व्यक्ति की जमीन में जबरन दरवाजा खोलने का आरोप, न्याय की गुहार
कुशीनगर।
जनपद कुशीनगर के पिपरिया क्षेत्र अंतर्गत भलूही मदारी पट्टी वार्ड नंबर 12 के स्थाई निवासी विकलांग इशरार सिद्दीकी पुत्र हफीजुल्लाह ने थानाध्यक्ष अभिनव मिश्रा को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित का आरोप है कि विपक्षियों द्वारा उसकी निजी जमीन पर अवैध रूप से कब्जे की कोशिश की जा रही है।
पीड़ित इशरार सिद्दीकी के अनुसार विपक्षी नजुरुल्लाह सिद्दीकी उर्फ सगेदन पुत्र खोदा बक्स सिद्दीकी, नसीमा खातून पत्नी नजुरुल्लाह, उस्मान पुत्र शारीफखान, आफरीन, अफसान एवं रूबी पुत्री नजुरुल्लाह ने अपने पुराने घर की पक्की दीवार तोड़कर उसकी जमीन में जबरन दरवाजा खोल दिया। जब इशरार सिद्दीकी ने इसका विरोध किया तो विपक्षी फौजदारी पर उतर आए और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उसे चोटें भी आईं।
पीड़ित का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल थाने पर दी गई, लेकिन न तो अवैध रूप से खोला गया दरवाजा बंद कराया गया और न ही किसी को थाने बुलाकर समझाया गया। वर्तमान में विपक्षी लगातार गाली-गलौज और धमकी दे रहे हैं, जिससे पीड़ित और उसका परिवार भयभीत है।
यह घटना 31 जनवरी 2026 को दिन में लगभग साढ़े आठ बजे की बताई जा रही है। विकलांग इशरार सिद्दीकी ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध निर्माण हटवाया जाए तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उसे न्याय मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को मामले को गंभीरता से लेते हुए कमजोर और असहाय व्यक्ति को न्याय दिलाना चाहिए, जिससे कानून व्यवस्था पर लोगों का विश्वास बना रहे।