डॉ.संपूर्णानंद मल्ल ने 22 नवंबर 2025 को सत्याग्रह का एलान किया, नाज़रेथ हॉस्पिटल पर गंभीर आरोप
प्रयागराज।
सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. संपूर्णानंद मल्ल ‘पूर्वांचल गांधी’ ने प्रयागराज के जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर को भेजे पत्र में 22 नवंबर 2025 को सत्याग्रह करने का एलान किया है। उन्होंने नाज़रेथ हॉस्पिटल, कंपनी बाग, तथा चिकित्सक डॉ. आर.पी. शुक्ला पर गंभीर आरोप लगाते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

डॉ. मल्ल ने अपने पत्र में अधिवक्ता डॉ. दीपक शुक्ला की पत्नी प्रतिमा शुक्ला की मृत्यु को संदिग्ध बताते हुए कहा कि 22 नवंबर दोपहर 1 बजे से पहले डॉ. आर.पी. शुक्ला के विरुद्ध हत्या का अभियोग पंजीकृत किया जाए। उन्होंने नाज़रेथ हॉस्पिटल को “चिकित्सालय की आड़ में जल्लाद घर” जैसा बताते हुए इसे सीज करने की भी मांग की है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यदि निर्धारित समय तक कार्रवाई नहीं होती है तो वे 22 नवंबर 2025 को दोपहर 2 बजे, अधिवक्ता दीपक शुक्ला के साथ सीएमओ कार्यालय, प्रयागराज पर सत्याग्रह करेंगे। इसके लिए प्रशासन से उचित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध भी किया गया है।
डॉ. मल्ल ने अपने पत्र की प्रति वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी है, जिनमें शामिल हैं—
मुख्य न्यायाधीश, इलाहाबाद उच्च न्यायालय; बार काउंसिल इलाहाबाद; मुख्य सचिव; प्रमुख सचिव गृह; डीजीपी; आयुक्त इलाहाबाद; एडीजी; डीआईजी; तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी प्रयागराज।
इस पत्र के बाद चिकित्सकीय जगत और अधिवक्ता समुदाय में चर्चा तेज हो गई है। अब निगाहें प्रशासन पर हैं कि आगामी 22 नवंबर से पहले क्या कदम उठाए जाते हैं।
प्रयागराज से — के. एन. साहनी की रिपोर्ट