जर्जर रास्ता नहीं बना तो ग्रामीणों ने खुद ही उखाड़ दी खड़ंजा

जर्जर रास्ता नहीं बना तो ग्रामीणों ने खुद ही उखाड़ दी खड़ंजा

सुविधा न मिलने से नाराज़ ग्रामीणों ने सुनाई व्यथा, बोले—कीचड़ और हादसों से तंग आ चुके थे

हाटा (जगदीश सिंह ) कुशीनगर
तहसील क्षेत्र हाटा के उपनगर सुकरौली के वार्ड नंबर 11 आजाद नगर में स्थित जोलहिनिया-अहिरौली पिच मार्ग से जुड़ने वाले आर.आर. सनबीम स्कूल से निवास यादव के घर तक बने खड़ंजा मार्ग को नाराज़ ग्रामीणों ने खुद ही उखाड़ दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जब इसकी पड़ताल की गई तो चौंकाने वाला मामला सामने आया। ग्रामीणों ने बताया कि इस खड़ंजा सड़क का लोकार्पण पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री आर.पी.एन. सिंह ने 28 जुलाई 2013 को किया था। लेकिन वर्षों से देखरेख न होने के कारण यह मार्ग अब जर्जर हो चुका था। जगह-जगह कीचड़ और गड्ढों से आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत अध्यक्ष, ईओ (अधिशासी अधिकारी) और वार्ड सभासद से कई बार शिकायत की गई, लेकिन कहीं से कोई कार्यवाही नहीं हुई। जब हालात असहनीय हो गए, तो ग्रामीणों ने स्वयं खड़ंजा तोड़ दिया, ताकि नई सड़क निर्माण का रास्ता खुल सके।
वार्ड निवासी सुभावती देवी ने बताया कीचड़ के कारण एंबुलेंस और अन्य वाहन घर तक नहीं पहुंच पा रहे थे, लोग रोज गिरकर चोटिल हो रहे थे। मजबूर होकर हमें खुद ही खड़ंजा हटाना पड़ा।
अनूप कुमार ने कहा कि कई बार मौखिक और लिखित रूप से अधिकारियों को अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
विष्णु चौधरी ने बताया कि उनके चाचा जर्जर खड़ंजे पर फिसलकर घायल हो गए थे।
विमला देवी ने कहा कि महिलाओं और पुरुषों ने मिलकर खड़ंजा उखाड़ा, ताकि प्रशासन को ध्यान देना पड़े। खड़ंजा हटाने के बाद स्थिति और खराब हो गई है। दैनिक भास्कर की टीम के सामने ही कक्षा सात का छात्र अंकित साइकिल से गिर पड़ा। ग्रामीण अब भी इसी रास्ते से आने-जाने को मजबूर हैं, जहां अब न खड़ंजा बचा है, न समतल जमीन। नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी सर्वेश श्रीवास्तव ने कहा सड़क उखाड़ने वालों को नोटिस जारी किया जा रहा है। अगर तीन दिन में मरम्मत न कराई गई, तो एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं नगर पंचायत अध्यक्ष राजनेति कश्यप ने बताया कि यह खड़ंजा मुख्यमंत्री नगर सृजन योजना में प्रस्तावित है। बजट मिलते ही निर्माण शुरू कराया जाएगा। दोषियों पर कार्रवाई भी की जाएगी। वार्ड सभासद ने भी कहा कि जैसे ही बजट स्वीकृत होगा, सड़क निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा। फिलहाल, ग्रामीणों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

Related Post

Leave a Comment