:
“यूपी में गरीब की नहीं हो रही सुनवाई, महिलाएं असुरक्षित — सपा नेता का आरोप”
कुशीनगर में फर्जी एनकाउंटर के मामलों की जांच कराने की मांग, सपा बोली – सत्ता में आते ही होगा न्याय
रिपोर्टर: के.एन. सहानी, कुशीनगर
कुशीनगर। समाजवादी पार्टी ने उत्तर प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर सीधा हमला बोला है। सपा नेताओं ने कहा है कि प्रदेश में गरीबों की कोई सुनवाई नहीं हो रही और महिलाएं लगातार असुरक्षा की स्थिति में जी रही हैं।
अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष बीरेंद गोंड ने कहा कि “प्रदेश में पुलिसिया राज हावी है। गरीब, दलित और कमजोर तबके के लोगों को न्याय नहीं मिल रहा। थाना, तहसील और ब्लॉक के चक्कर लगाकर भी पीड़ितों को सिर्फ निराशा ही मिलती है।”
उन्होंने कुशीनगर जिले का जिक्र करते हुए कहा कि यहां सैकड़ों निर्दोष लोगों को पुलिस ने फर्जी एनकाउंटर में फंसा कर मुजरिम बना दिया। “इन सब मामलों की समाजवादी पार्टी सत्ता में आने के बाद उच्चस्तरीय जांच कराएगी और निर्दोषों को न्याय दिलाया जाएगा।”
बीरेंद गोंड ने कहा कि बीजेपी सरकार सिर्फ दिखावा कर रही है। “कानून व्यवस्था सिर्फ अमीरों के लिए है, गरीब आज भी डरा हुआ और असहाय है। महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं, और अपराधी बेखौफ हैं।”
उन्होंने जनता से अपील की कि अब समय आ गया है जब ऐसे ‘कठोर लेकिन संवेदनाहीन शासन’ को बदल कर न्यायप्रिय सरकार को मौका दिया जाए।