
नेशनल हाईवे स्थित एमके होटल में भोजन करने गई महिला ने वायरल वीडियो पर जताई आपत्ति, कोर्ट जाने की कही बात,
कसया। नेशनल हाईवे स्थित एमके होटल में भोजन करने गई एक महिला ने सोशल मीडिया पर वायरल किए गए कथित वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताई है। महिला का कहना है कि वह केवल होटल में खाना खाने गई थी। उसी दौरान वहां दो अन्य लोग भी बैठे थे, लेकिन कुछ लोगों ने उनका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
महिला ने आरोप लगाया कि वीडियो के वायरल होने से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है और उन्हें मानसिक पीड़ा का सामना करना पड़ रहा है। उनका कहना है कि बिना अनुमति वीडियो बनाना और उसे भ्रामक तरीके से सोशल मीडिया पर प्रसारित करना गलत है।
महिला ने कहा कि वह सोमवार को संबंधित सोशल मीडिया आईडी संचालकों के विरुद्ध न्यायालय में मानहानि का मुकदमा दायर करेंगी। उनका कहना है कि वह अपनी प्रतिष्ठा की रक्षा और न्याय प्राप्त करने के लिए कानूनी कार्रवाई करेंगी।
महिला ने लोगों से अपील की कि किसी भी व्यक्ति का वीडियो या फोटो बिना अनुमति के बनाकर सोशल मीडिया पर साझा न करें तथा किसी की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों से बचें।
