सूत्रों के हवाले से खबर
कसया में होटलों व संदिग्ध स्थानों पर चलेगा रूटीन चेकिंग अभियान, पुलिस टीम रहेगी सक्रिय
कसया, कुशीनगर। सूत्रों के अनुसार कसया पुलिस जल्द ही रूटीन चेकिंग अभियान के तहत संदिग्ध स्थानों, होटलों एवं ढाबों पर महिला पुलिस टीम के साथ निरीक्षण करेगी। यदि किसी होटल या ढाबे में संदिग्ध गतिविधियां अथवा अनधिकृत रूप से ठहरे व्यक्ति पाए जाते हैं, तो पुलिस द्वारा नियमानुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सूत्रों का कहना है कि पूर्व में कसया क्षेत्र में अनैतिक देह व्यापार की शिकायतों के बाद मजिस्ट्रेट एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने कई होटलों में छापेमारी की थी। उस कार्रवाई के दौरान कई लोगों को हिरासत में लिया गया था तथा नियमों के उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित होटलों के विरुद्ध भी कार्रवाई की गई थी।
अब पुलिस एक बार फिर समय-समय पर रूटीन चेकिंग अभियान चलाकर होटलों और अन्य संदिग्ध स्थानों की निगरानी करेगी। ऐसे में होटल संचालकों से अपेक्षा की गई है कि वे सभी ग्राहकों का वैध पहचान पत्र दर्ज करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
सूत्रों के अनुसार स्कूलों और कॉलेजों के आसपास स्थित होटलों में यदि किसी नाबालिग के अवैध रूप से ठहरने या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो संबंधित होटल संचालक के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
पुलिस की अपील: यदि किसी व्यक्ति को कोई संदिग्ध गतिविधि, संदिग्ध व्यक्ति या कानून-विरुद्ध गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो वह तत्काल कसया पुलिस को सूचना देकर एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभा सकता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।
संपर्क:
थानाध्यक्ष इत्यानंद पाण्डेय
मोबाइल: 9454403810
सूत्रों का यह भी दावा है कि नवागत थानाध्यक्ष कानून-व्यवस्था के मामलों में संवेदनशील एवं सक्रिय कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। हालांकि, इस प्रस्तावित अभियान को लेकर पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
सच्ची रिपोर्ट, कुशीनगर