1 अप्रैल से अनुदेशकों का मानदेय ₹17 हजार, ₹5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा,
सरकार के निर्णय से 25 हजार अनुदेशकों में हर्ष की लहर,
लखनऊ/कुशीनगर। उत्तर प्रदेश के लगभग 25 हजार अनुदेशकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। दिनांक 20 फरवरी 2026 को विधानसभा में माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि प्रदेश के अनुदेशकों का मानदेय 1 अप्रैल 2026 से बढ़ाकर ₹17,000 प्रति माह किया जाएगा। इस घोषणा के बाद प्रदेश भर के अनुदेशकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
बताया गया कि यह निर्णय माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के अनुपालन में लिया गया है। अनुदेशकों का कहना है कि लंबे समय से वे मानदेय वृद्धि की मांग कर रहे थे, ऐसे में सरकार का यह कदम उनके आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगा।
इसके अतिरिक्त, 29 जनवरी 2026 को सम्पन्न कैबिनेट बैठक में अनुदेशकों एवं उनके आश्रितों को ₹5,00,000 तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रदान किए जाने का निर्णय भी लिया गया है। इस सुविधा से स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थितियों में अनुदेशक परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
अनुदेशक संघ, कुशीनगर के जिला अध्यक्ष पवन कुमार ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि यह कदम अनुदेशकों के सम्मान और सुरक्षा की दिशा में ऐतिहासिक है। उन्होंने मुख्यमंत्री, बेसिक शिक्षा मंत्री, बेसिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
अनुदेशकों ने आशा जताई कि भविष्य में भी शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा शिक्षकों के हित में इसी प्रकार के जनकल्याणकारी निर्णय लिए जाते रहेंगे।