बंदिता श्रीवास्तव का औचक निरीक्षण, सुकरौली ब्लॉक की व्यवस्थाएं परखी



कुशीनगर (जगदीश सिंह)। मुख्य विकास अधिकारी बंदिता श्रीवास्तव ने शुक्रवार को हाटा तहसील क्षेत्र के सुकरौली विकासखंड का औचक निरीक्षण कर प्रशासनिक कार्यप्रणाली और विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत का जायजा लिया। उनके अचानक पहुंचने से ब्लॉक कार्यालय में हड़कंप मच गया और कर्मचारियों में सक्रियता बढ़ गई।
सीडीओ ने सर्वप्रथम कार्यालय परिसर का निरीक्षण कर साफ-सफाई व्यवस्था की जांच की। इसके बाद विभिन्न रजिस्टरों एवं अभिलेखों का गहन परीक्षण करते हुए रिकॉर्ड अद्यतन रखने के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचना चाहिए, किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान आयोजित समीक्षा बैठक में ग्राम सचिवों, ग्राम विकास अधिकारियों, लेखपालों एवं अन्य कर्मचारियों से सीधे संवाद कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। फार्मर रजिस्ट्री अभियान की समीक्षा करते हुए बताया गया कि लगभग 80 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जा चुका है। पंचायत सचिवों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और लेखपालों द्वारा पंचायत भवनों में बैठकर किसानों का पंजीकरण कराने के प्रयासों की सराहना की गई।
सीडीओ ने निर्देश दिया कि शेष पात्र किसानों का पंजीकरण शीघ्र पूर्ण किया जाए, ताकि कोई भी किसान सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। कर्मचारियों के जर्जर आवास की समस्या पर उन्होंने संबंधित विभाग को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
अंत में उन्होंने दो टूक कहा कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और जवाबदेही के साथ कार्य करें, यही शासन की मंशा है।