राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का द्वितीय दिवस सम्पन्न स्वच्छता अभियान व ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता रैली आयोजित

राष्ट्रीय सेवा योजना शिविर का द्वितीय दिवस सम्पन्न
स्वच्छता अभियान व ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ जागरूकता रैली आयोजित

कुशीनगर (जगदीश सिंह)। राजकीय महाविद्यालय ढाढा बुजुर्ग, हाटा में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय विशेष शिविर के द्वितीय दिवस का शुभारंभ लक्ष्य गीत के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। स्वयंसेवकों एवं स्वयंसेविकाओं ने पूरे उत्साह के साथ दिनभर विविध सामाजिक व शैक्षिक गतिविधियों में भाग लिया।
प्रातःकालीन सत्र में योग, प्राणायाम एवं व्यायाम का आयोजन किया गया, जिससे शिविरार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक सुदृढ़ता का संदेश मिला। इसके उपरांत निर्धारित ग्राम क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वयंसेवकों ने साफ-सफाई कर स्वच्छ समाज निर्माण का संदेश दिया और ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।
द्वितीय चरण में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर जागरूकता रैली निकाली गई। छात्र-छात्राओं ने बैनर, पोस्टर और प्रेरक नारों के माध्यम से ग्रामवासियों को कन्या शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के महत्व से अवगत कराया। स्वयंसेवकों ने घर-घर जाकर संवाद स्थापित किया तथा बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और समान अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलायी। ग्राम सभा में आयोजित गोष्ठी में छात्र-छात्राओं ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत किए। छात्राओं द्वारा प्रस्तुत प्रेरक भजन से वातावरण भावपूर्ण हो उठा।
विशेष उल्लेखनीय रहा कि शिविर में भोजन की व्यवस्था एवं निर्माण छात्र-छात्राओं द्वारा सामूहिक रूप से किया गया, जिससे आत्मनिर्भरता, सहयोग और सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना सुदृढ़ हुई।
अपराह्न सत्र में आयोजित बौद्धिक कार्यक्रम में डॉ. अभिषेक कुमार मिश्रा ने ‘भाषा की शक्ति एवं हिंदी भाषा’ विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का सशक्त साधन है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी भाषा के संवर्धन और उसके समुचित प्रयोग के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय कुमार राय के निर्देशन में हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्राध्यापकगण—डॉ. देवेश मणि त्रिपाठी, डॉ. दुर्गेश कुमार त्रिपाठी, डॉ. सुब्बाराव, डॉ. तनु श्रीवास्तव, डॉ. कुंज लाल सिंह, डॉ. दीपक कुमार भारती, डॉ. मनोज कुमार, डॉ. अल्पना सिंह सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे और शिविरार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
संकल्प गीत एवं राष्ट्रगान के साथ शिविर के द्वितीय दिवस का कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

Related Post

Leave a Comment