सतलज पुल की जर्जर हालत पर उठी आवाज, नितिन गडकरी को लिखा गया पत्रसंसद भवन पर आंदोलन की चेतावनी
लुधियाना। शहर के सतलज पुल की लगातार बिगड़ती स्थिति को लेकर सामाजिक कार्यकर्ता जसपाल सिंह टाइगर ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर गहरी नाराजगी जताई है। पत्र में उन्होंने पुल की जर्जर हालत को गंभीर बताते हुए इसे आम जनमानस की जान-माल के लिए बड़ा खतरा करार दिया है।
जसपाल सिंह टाइगर ने कहा कि पुल से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं, लेकिन लंबे समय से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई। उन्होंने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की टोल टैक्स वसूली के बावजूद बुनियादी सुरक्षा व्यवस्था की अनदेखी की जा रही है। पत्र में उन्होंने लिखा कि टैक्स के नाम पर जनता से भारी राशि वसूली जा रही है, जबकि उनकी सुरक्षा को लेकर सरकार संवेदनशील नहीं दिख रही।
सामाजिक कार्यकर्ता ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सतलज पुल का तकनीकी निरीक्षण कराकर मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया, तो वे संसद भवन के समक्ष आंदोलन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने मांग की कि पुल का तत्काल स्ट्रक्चरल ऑडिट, आवश्यक मरम्मत और जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए।
स्थानीय नागरिकों में भी पुल की हालत को लेकर रोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि किसी बड़े हादसे से पहले प्रशासन को ठोस कदम उठाने चाहिए।

लुधियाना से
अंशुमान पाण्डेय बागी की रिपोर्ट