पति की दूसरी शादी और जान की धमकी से दहशत में पीड़ित सीमा देवी, न्याय की गुहार


कुशीनगर/रामकोला। थाना रामकोला क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रोवारी निवासी राजू मद्धेशिया पर उसकी पत्नी सीमा देवी ने दूसरी शादी करने, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। वर्ष 2009 में हिन्दू रीति-रिवाज़ के अनुसार दान-दहेज सहित उनका विवाह संपन्न हुआ था। दंपति के तीन बच्चे हैं—बड़ी बेटी गुड़िया (14), बेटा आर.एन. मद्धेशिया (11) और छोटा बेटा अजित मद्धेशिया (10)।
पति का दूसरी महिला के साथ रहना देख सीमा हुई स्तब्ध
सीमा देवी ने बताया कि मायके से लौटने पर उन्होंने अपने पति को घर में दूसरी महिला के साथ देखा। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें घर से निकाल दिया गया। सीमा ने आरोप लगाया—“वह मुझे जान से मारने की धमकी देता है। मेरी हत्या करना चाहता है।”
थाना रामकोला में सुनवाई न होने पर महिला थाना पहुँची पीड़िता
पीड़िता का कहना है कि थाना रामकोला में शिकायत करने के बावजूद उसकी पीड़ा नहीं सुनी गई। इसके बाद वह अपने भाई सुनील मद्धेशिया के साथ महिला थाना पहुँचीं, जहां राजू को फटकार लगाई गई और दोनों के बीच एक समझौता पत्र तैयार कराया गया। सीमा का आरोप है कि इस पत्र में विवाह विच्छेद का उल्लेख कर उसे आगे की मुश्किल कानूनी प्रक्रिया में धकेल दिया गया।
“बकरे की माँ कब तक खैर मनाएगी”—भाई का गंभीर आरोप
सीमा के भाई सुनील मद्धेशिया ने कहा—“जब मुस्लिम समाज में तीन तलाक पर रोक लगी तो महिलाओं ने राहत की सांस ली। लेकिन आज मेरी हिंदू बहन को प्रताड़ित किया जा रहा है। उसका पति दूसरी शादी कर चुका है और धमकी देता है कि ‘बकरे की माँ कब तक खैर मनाएगी।’ क्या ऐसी हरकतों पर कानून चुप बैठा रहेगा?”
न्याय व सुरक्षा की गुहार — पुलिस और योगी सरकार से हस्तक्षेप की मांग
पीड़िता सीमा देवी ने कहा कि उन्हें और उनके तीन बच्चों की जान को खतरा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय दिलाने तथा दोषियों पर सख़्त कार्रवाई की अपील की है। सीमा का कहना है कि “कानून का राज होना चाहिए। मुझे और मेरे बच्चों को सुरक्षा मिले, यही मेरी मांग है।”