पूर्वांचल गांधी ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. बी.के. सुमन का किया समर्थन


पूर्वांचल गांधी ने मुख्यमंत्री को भेजा पत्र, जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. बी.के. सुमन का किया समर्थन

पत्रकार द्वारा लगाए गए आरोपों को बताया निराधार, निष्पक्ष जांच की मांग

गोरखपुर, 22 नवम्बर।
पूर्वांचल गांधी के नाम से चर्चित समाजसेवी डॉ. संपूर्णानंद मल्ल ने उत्तर प्रदेश के माननीय मुख्यमंत्री को संबोधित एक विस्तृत पत्र भेजकर जिला चिकित्सालय गोरखपुर के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. बी.के. सुमन पर लगाए जा रहे आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने पत्र में उल्लेख किया है कि डॉ. सुमन लंबे समय से मरीजों की सेवा में समर्पित हैं और उनकी कार्यशैली अस्पताल की गरिमा को बढ़ाती है।

डॉ. मल्ल ने कहा कि जिला चिकित्सालय में प्रतिदिन सैकड़ों मरीजों को देखने वाले डॉ. सुमन अपनी मानवीय संवेदना, समयनिष्ठा और निष्पक्ष कार्यशैली के कारण मरीजों के बीच “मरीज़ों के भगवान” के रूप में पहचान बना चुके हैं।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि डॉ. सुमन प्रातः 8:30 बजे से देर रात तक अस्पताल में सेवाएँ देते हैं। मल्ल के अनुसार, “जिला चिकित्सालय गोरखपुर डॉ. सुमन जैसे चिकित्सक की निष्ठा के कारण ही सुचारु रूप से चलता है।”

पत्रकार के आरोपों को बताया मनगढ़ंत

पूर्वांचल गांधी ने अपने पत्र में कहा कि एक स्थानीय पत्रकार द्वारा पिछले कुछ समय से डॉ. सुमन पर अभद्र एवं असत्य आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे चिकित्सक मानसिक रूप से प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने इन आरोपों को “निराधार, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण” बताया।

डॉ. मल्ल ने कहा कि यदि किसी भी प्रकार की शिकायत है तो शासन-प्रशासन जांच कराकर तथ्य स्पष्ट करे, परंतु किसी ईमानदार अधिकारी या चिकित्सक को व्यक्तिगत कारणों से बदनाम करना उचित नहीं है।

पूर्व में पत्रकार के समर्थन में किए गए थे अनशन का उल्लेख

डॉ. मल्ल ने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि इसी पत्रकार के विरुद्ध पूर्व में लगाए गए गैंगस्टर एक्ट के मामले में उन्होंने मानवीय आधार पर टाउन हॉल स्थित गांधी प्रतिमा पर अनशन कर उसका समर्थन किया था। उन्होंने कहा कि अब वही पत्रकार बिना आधार के आरोप लगाकर डॉ. सुमन को परेशान कर रहा है।

सत्याग्रह की चेतावनी

पूर्वांचल गांधी ने कहा कि यदि भविष्य में डॉ. सुमन पर निराधार आरोप लगाए जाते रहे या उन्हें मानसिक रूप से दबाव में लाने का प्रयास किया गया तो वह पुनः गांधी प्रतिमा पर सत्याग्रह करने को बाध्य होंगे।

निष्पक्ष जांच की मांग

डॉ. मल्ल ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि—

  • डॉ. सुमन पर लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाए,
  • चिकित्सक की कार्यशैली, सेवा भावना एवं अस्पताल में योगदान को ध्यान में रखा जाए,
  • और झूठी शिकायतों पर रोक लगाई जाए।

पत्र की प्रतियां उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री, जिलाधिकारी, एसएसपी, एसपी सिटी, सीएमओ, स्वास्थ्य निदेशक, प्रमुख सचिव (स्वास्थ्य), तथा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी भेजी हैं।


Related Post

Leave a Comment