घर में घुसे युवक ने किया दुष्कर्म का प्रयास, पीड़िता ने थाने में दी तहरीर


पति के बाहर होने का उठाया लाभ, छोटे बच्चों के सामने महिला के साथ की शर्मनाक हरकत

सेवरही, कुशीनगर। थाना सेवरही क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरा घाट एहतमाली के शिव टोला में एक महिला के साथ घर में घुसकर दुष्कर्म का प्रयास किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना 28 जुलाई 2025 की रात लगभग 9 बजे की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने पुलिस को दिए तहरीर में बताया है कि उसका पति किसी कार्य से घर से बाहर गया हुआ था। इसी का फायदा उठाकर गांव का ही हरिकेश निषाद पुत्र सुबास निषाद जबरन उसके घर में घुस आया और छोटे-छोटे बच्चों के सामने ही उसके साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। महिला ने शोर मचाया और विरोध किया तो आरोपी मौके से भाग गया।

घटना के बाद डरी-सहमी महिला ने हिम्मत जुटाकर यूपी-112 पर सूचना दी। मौके पर पहुंची डायल 112 की पुलिस ने स्थिति को समझा और स्थानीय थाने को सूचित किया। इसके बाद पीड़िता थाने गई और तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

लेकिन पीड़िता का आरोप है कि थाना पुलिस ने उल्टा उसी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उसे धारा 151 (शांति भंग की आशंका) में चालान कर दिया, जिससे उसे एक दिन का अनावश्यक उत्पीड़न झेलना पड़ा। इस व्यवहार से आहत होकर पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई।

एसपी कार्यालय में जनसुनवाई केंद्र पर तैनात पुलिस अधिकारियों की टीम ने मामले को गंभीरता से लिया और सेवरही थाना पुलिस को तत्काल आवश्यक विधिक कार्यवाही का निर्देश दिया। इसके बाद हरकत में आई स्थानीय पुलिस ने जांच शुरू की।

पीड़िता ने यह भी बताया कि आरोपी पहले भी अश्लील हरकतें करता रहा है, जिससे वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थी। बावजूद इसके, पहले कभी उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया गया।


“पुलिस की लापरवाही से दोषियों का मनोबल बढ़ता है” – पीड़िता का दर्द छलका

पीड़िता ने कहा, “मैंने न्याय की उम्मीद से थाने का दरवाजा खटखटाया था, लेकिन मुझे ही 151 में चालान कर दिया गया। अगर पुलिस समय से कार्यवाही करती, तो आरोपी के हौसले इतने बुलंद नहीं होते। आज मेरे साथ हुआ, कल किसी और के साथ हो सकता है।”


स्थानीय लोगों की मांग: आरोपी हो गिरफ्तार, महिला को मिले सुरक्षा

गांव के लोगों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। उनका कहना है कि पुलिस को तुरंत सख्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करना चाहिए और महिला को सुरक्षा प्रदान करनी चाहिए।

👉 इस तरह की घटनाएं समाज को शर्मसार करती हैं और यदि समय से कार्रवाई नहीं होती तो जनाक्रोश भड़क सकता है।



Related Post

Leave a Comment