8 वर्षीय मासूम को पाकर अभिभूत हुए माता-पिता, कसया पुलिस की तत्परता देख बोले- धन्यवाद गौरव शुक्ला जी!


8 वर्षीय मासूम को पाकर अभिभूत हुए माता-पिता, कसया पुलिस की तत्परता देख बोले- धन्यवाद गौरव शुक्ला जी!

चौकी प्रभारी गौरव शुक्ला ने बच्चे को मा बाप को किया सुपुर्द

कुशीनगर, 2 अगस्त 2025। थाना कसया क्षेत्र अंतर्गत पुलिस चौकी कुशीनगर की तत्परता और मानवीय संवेदनशीलता की एक सराहनीय मिसाल सामने आई, जब हाईवे पर रोते मिले एक 8 वर्षीय बच्चे को पुलिस ने सकुशल उसके परिजनों से मिलवा दिया। मासूम बेटे को देखकर अभिभूत माता-पिता ने सब-इंस्पेक्टर गौरव शुक्ला, प्रभारी चौकी कुशीनगर को भावुक स्वर में धन्यवाद दिया और कहा—
आपने हमारे बच्चे को जीवनदान दिया है गौरव जी, हम आजीवन आभारी रहेंगे।”

घटना की जानकारी अनुसार, झुंगवा कट राष्ट्रीय राजमार्ग-28 के पास एक बच्चा अकेला रोता हुआ मिला, जो अपना पूरा पता नहीं बता पा रहा था। सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी गौरव शुक्ल मय हमराह मुख्य आरक्षी राम सिंह एवं आरक्षी राहुल पांडेय के साथ मौके पर पहुंचे और बच्चे को चौकी लाकर उसकी देखभाल की। बच्चे को जलपान कराकर प्यार से पूछताछ की गई, तो उसने अपना नाम प्रिंस वर्मा, पुत्र धर्मेंद्र प्रसाद (उम्र लगभग 8 वर्ष) बताया और केवल ‘दहारीपट्टी’ नाम बताने में सक्षम रहा।

पुलिस द्वारा गहन खोजबीन कर यह जानकारी प्राप्त की गई कि प्रिंस वर्मा ग्राम दहारीपट्टी, थाना तुर्कपट्टी, जनपद कुशीनगर का निवासी है और अपने परिवार के साथ एक मांगलिक कार्यक्रम में भाग लेने कुशीनगर आया था। कार्यक्रम स्थल से भटक कर वह हाईवे तक पहुंच गया था।

परिजनों को सूचना देकर चौकी बुलाया गया, जहाँ माता-पिता अपने लाडले को सकुशल देखकर भावुक हो उठे। उन्होंने चौकी प्रभारी गौरव शुक्ला समेत पूरी पुलिस टीम को दिल से धन्यवाद दिया। माँ ने कहा—
पुलिस अगर समय पर न पहुंचती, तो न जाने क्या हो जाता। हमारा बच्चा हमारे पास है, ये आपकी टीम की वजह से संभव हो पाया है।”

इस मानवीय पहल के लिए कसया पुलिस को क्षेत्रीय नागरिकों से भी खूब सराहना मिल रही है। एक बार फिर कुशीनगर पुलिस ने यह साबित किया है कि वह केवल कानून-व्यवस्था ही नहीं, जनसेवा में भी पूरी तरह समर्पित है।


Related Post

Leave a Comment