
कुशीनगर, 21 जुलाई 2025।
समाजवादी पार्टी कुशीनगर इकाई ने करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह राणा द्वारा सांसद इकरा हसन शरीफ के खिलाफ की गई अशोभनीय और आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में आज ज़ोरदार प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी कार्यालय पर पहुँचकर महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपा।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने किया, जिसमें सपा कार्यकर्ताओं और समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
ज्ञापन में कहा गया है कि कैराना की सांसद इकरा हसन शरीफ एक शालीन, शिक्षित और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाली महिला जनप्रतिनिधि हैं। उनके प्रति जिस प्रकार की अभद्र और अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया, वह महिला गरिमा, संविधान की भावना और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विरुद्ध है।
यह कृत्य न केवल एक महिला प्रतिनिधि का अपमान है, बल्कि उन हजारों महिलाओं का भी अपमान है जो राजनीति, समाज सेवा और नेतृत्व के क्षेत्र में अपना योगदान दे रही हैं।
जिलाध्यक्ष रामअवध यादव ने कहा, “जब कोई जनप्रतिनिधि महिला होकर संसद में देश की आवाज़ बनती है, तो उसका सम्मान करना हर नागरिक का कर्तव्य है। करणी सेना नेता द्वारा की गई टिप्पणी केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि पूरे लोकतंत्र पर हमला है। ऐसी सोच और भाषा लोकतंत्र के लिए घातक है। हम इस पर चुप नहीं रह सकते।”
समाजवादी पार्टी ने मांग की है कि योगेंद्र सिंह राणा के खिलाफ शीघ्र प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति इस प्रकार की अशालीनता और महिला अपमान का साहस न कर सके।
प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाज़ी की और महिला सशक्तिकरण के समर्थन में आवाज़ बुलंद की। ज्ञापन सौंपने के दौरान मुहम्मद इलियास अंसारी, फिरोज़ अंसारी, फैयाज ख़ान, मुहम्मद इक़बाल अंसारी, शमशाद बौना, आस मुहम्मद, फ़ख़रउद्दीन, राज सिद्दीकी सहित अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।
ज्ञापन के माध्यम से समाजवादी पार्टी ने राज्यपाल से तत्काल प्रभाव से हस्तक्षेप कर दोषी के खिलाफ दंडात्मक कार्यवाही सुनिश्चित कराने की मांग की है।