पूर्वांचल गांधी डॉ. संपूर्णानंद मल्ल का जिलाधिकारी को पत्र: “15 जुलाई से विश्वविद्यालय गेट पर सत्याग्रह”


पूर्वांचल गांधी डॉ. संपूर्णानंद मल्ल का जिलाधिकारी को पत्र: “15 जुलाई से विश्वविद्यालय गेट पर सत्याग्रह”

गोरखपुर।
दिल्ली विश्वविद्यालय के पीएच.डी.धारी, यूजीसी नेट व जेआरएफ योग्यताधारी डॉ. संपूर्णानंद मल्ल, जिन्हें ‘पूर्वांचल गांधी’ के नाम से भी जाना जाता है, ने जिलाधिकारी गोरखपुर कृष्णा करुणेश को एक विस्तृत पत्र लिखते हुए 15 जुलाई 2025 से विश्वविद्यालय गेट पर सत्याग्रह शुरू करने की घोषणा की है।


अपने पत्र में उन्होंने लिखा है, “सत्यपथ इकलौता मार्ग है जिस पर मैं चलता हूं, मुझे सत्य चाहिए जो न्याय से अभिन्न है।”

डॉ. मल्ल ने विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि योग्य होने के बावजूद उन्हें नियुक्ति नहीं दी जा रही है, और अयोग्य व्यक्तियों को आचार्य पद दे दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि स्नातक में 50% से भी कम अंक प्राप्त करने वाले शिक्षकों को नियमित कर दिया गया, जबकि स्वयं के PG में प्रथम श्रेणी और यूजीसी नेट जैसी राष्ट्रीय पात्रता के बावजूद उनकी नियुक्ति को निरस्त कर दिया गया।

डॉ. मल्ल ने यह भी कहा कि उन्होंने अब तक दो दर्जन से अधिक पत्र राज्यपाल, यूजीसी अध्यक्ष, मानव संसाधन विकास मंत्री एवं स्थानीय प्रशासन को लिखे, परंतु कहीं से भी कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिला। इसके विपरीत पूर्व में सत्याग्रह के दौरान उन्हें “हाउस अरेस्ट” में रखा गया।

उन्होंने चेतावनी दी कि “अब और विश्वविद्यालय का अन्याय नहीं सह सकता, मैं अस्वस्थ हूं लेकिन अपने जीवन और सम्मान की रक्षा के लिए सत्याग्रह करूंगा। इसके लिए कुलपति जिम्मेदार होंगे।”

डॉ. मल्ल ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि या तो उन्हें उनका नियुक्ति पत्र प्रदान किया जाए अथवा उन्हें शांतिपूर्ण सत्याग्रह की अनुमति दी जाए।

उन्होंने यह भी सवाल उठाया है कि यदि वह अयोग्य हैं तो फिर विश्वविद्यालय के 300 आचार्य में से योग्य कौन हैं? और किसके पास उनसे बेहतर शैक्षिक योग्यता व शोध क्षमता है?

डॉ. मल्ल ने यूजीसी के उस पत्र (28.08.2008) का भी उल्लेख किया जिसे कुलपति को संबोधित किया गया था और आज तक लागू नहीं किया गया।

उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में 15 जुलाई से पांच सत्याग्रहियों के साथ विश्वविद्यालय गेट पर अनशन की घोषणा की है।


प्रेषक:
डॉ. संपूर्णानंद मल्ल
पूर्वांचल गांधी
पीजी प्रथम श्रेणी, यूजीसी नेट, जेआरएफ
पीएच.डी (आर्कियोलॉजी), दिल्ली विश्वविद्यालय
9415418263


Related Post

Leave a Comment