मम्मा दिवस पर ईश्वरीय ज्ञान एवं राजयोग से आत्मिक शांति का संदेश

मम्मा दिवस पर ईश्वरीय ज्ञान एवं राजयोग से आत्मिक शांति का संदेश
कुशीनगर। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, कुशीनगर के तत्वावधान में मम्मा दिवस हर्षोल्लास एवं आध्यात्मिक उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर “शांतिपूर्ण जीवन के लिए राजयोग द्वारा आत्म उपचार” विषयक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह तोमर ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं मम्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि भारत की धरती ने विश्व शांति को सबसे अधिक दिशा प्रदान की है। भगवान बुद्ध, महावीर सहित अनेक संतों एवं महापुरुषों ने मानवता को शांति और सद्भाव का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर शांति व्यवस्था बनाए रखना हमारी जिम्मेदारी है, जबकि आध्यात्मिक शांति का मार्ग ब्रह्माकुमारीज जैसे संस्थान प्रशस्त कर रहे हैं। वास्तविक शांति बाहर नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर निहित है और उसे आत्मचिंतन एवं आध्यात्मिक साधना के माध्यम से प्राप्त किया जा सकता है।
माउंट आबू से पधारे बीके डॉ. गंगाधर भाई ने “शांतिपूर्ण जीवन के लिए राजयोग द्वारा आत्म उपचार” विषय पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि अशांति का मूल कारण इच्छाओं की असीमित दौड़ और आत्मिक विस्मृति है। चिंता एक ऐसी अग्नि है जो व्यक्ति की आंतरिक शक्ति को क्षीण कर देती है। उन्होंने कहा कि दुनिया में तीन प्रकार के लोग होते हैं—आग लगाने वाले, आग देखने वाले और आग बुझाने वाले। यदि हमें शांति का साम्राज्य स्थापित करना है तो हमें आग बुझाने वाला बनना होगा।
उन्होंने कहा कि क्रोध, ईर्ष्या, स्वार्थ और मोह भी अशांति की अग्नि हैं, जिन्हें ईश्वरीय ज्ञान और राजयोग के अभ्यास से समाप्त किया जा सकता है। ब्रह्माकुमारीज द्वारा दिया जाने वाला ईश्वरीय ज्ञान मनुष्य को उसकी वास्तविक पहचान अर्थात आत्मस्वरूप का बोध कराता है। जब व्यक्ति स्वयं को आत्मा और परमात्मा को अपना पिता समझकर जीवन जीता है, तब उसके भीतर शांति, प्रेम, पवित्रता और आनंद के संस्कार विकसित होते हैं। राजयोग ध्यान आत्मा को परमात्मा से जोड़कर उसे आध्यात्मिक शक्ति प्रदान करता है, जिससे जीवन की चुनौतियों का सामना सहजता से किया जा सकता है।
कार्यक्रम में स्वागत संयोजिका बीके मीरा दीदी, बीके स्मिता दीदी, राधिका दीदी, अमृता दीदी एवं बीके छांगुर भाई ने अतिथियों का बुके एवं अंगवस्त्र भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट कृष्ण कुमार तिवारी ने किया।
इस अवसर पर भूप नारायण सिंह, राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त राजेश्वर सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी कृष्ण मोहन पांडेय, भाजपा नेता मीनू जिंदल, अवधेश प्रताप सिंह, समाजसेवी दीपनारायण अग्रवाल, व्यवसायी अजय गुप्ता, डॉ. सीबी सिंह, सेवरही चीनी मिल के जनरल मैनेजर के. कृष्णा, सुनील कुमार यादव, रामेश्वर मिश्र, हरिगोविंद मिश्र, रामप्रवेश भाई, बार के पूर्व अध्यक्ष गंधर्व मणि त्रिपाठी, डीएफओ वरुण दिनेश भोजपुरिया, बीके कन्हैया, आद्या पांडेय, राजू जायसवाल, मन्नू भाई, बबिता शर्मा, गोविंद भाव, किरण जायसवाल, दिवाकर भाई सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: के. एन. साहनी, कुशीनगर

Related Post

Leave a Comment