एंबुलेंस ने बाइक सवार को मारी टक्कर, युवक गंभीर रूप से घायल
रबिंद्र नगर धूस (कुशीनगर)।
धर्मपुर चौराहे के पास एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित प्राइवेट एंबुलेंस ने मोटरसाइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाएं कंधे की हड्डी टूट गई है। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना के संबंध में पीड़ित के परिजनों ने थाने में तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सिंधुआ बांगर गांव निवासी काशीनाथ साहनी ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बीते 29 अप्रैल को उनका भतीजा आशुतोष गांव के ही एक अन्य युवक के साथ मोटरसाइकिल से पडरौना जा रहा था। जैसे ही वे धर्मपुर चौराहे से कुछ दूरी पर स्थित पुलिया के पास पहुंचे, तभी पडरौना की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार प्राइवेट एंबुलेंस (संख्या UP 51 AT 4224) के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी मोटरसाइकिल में सामने से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आशुतोष सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से चोटिल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक्स-रे और मेडिकल परीक्षण के बाद उसके बाएं कंधे की हड्डी टूटने की पुष्टि की। पीड़ित पक्ष के अनुसार, एंबुलेंस को रियाज नाम का चालक चला रहा था।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी एंबुलेंस चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: तेजप्रताप सिंह
