पत्रकार पर फर्जी मुकदमे को लेकर न्याय के लिए कप्तान से मिले संपादक के.एन. साहनी

पत्रकार पर फर्जी मुकदमे को लेकर न्याय के लिए कप्तान से मिले संपादक के.एन. साहनी


कुशीनगर। जनपद के सीएचसी देवतहां प्रकरण में पत्रकार शिवकुमार कुशवाहा के विरुद्ध दर्ज मुकदमे को लेकर जिले के पत्रकारों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस मामले में आज एक बड़ा मोड़ तब आया जब ‘ओम पत्रिका न्यूज़’ के संपादक के.एन. साहनी ने स्वयं पुलिस कप्तान (SP) केशव कुमार से मुलाकात की। पुलिस कप्तान ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल निष्पक्ष जांच और उचित कार्यवाही के निर्देश दिए हैं।
इससे पहले स्वतंत्र पत्रकार समिति उत्तर प्रदेश के नेतृत्व में आज जिले के तमाम पत्रकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने एकजुट होकर अपनी ताकत दिखाई और जिलाधिकारी (DM) व पुलिस अधीक्षक (SP) को ज्ञापन सौंपकर न्याय की गुहार लगाई।
संपादक के.एन. साहनी ने पुलिस कप्तान के सामने रखा पक्ष
पत्रकार शिवकुमार कुशवाहा को न्याय दिलाने की मुहिम में ‘ओम पत्रिका न्यूज़’ के संपादक के.एन. साहनी ने पुलिस कप्तान केशव कुमार से मुलाकात कर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। उन्होंने कप्तान के समक्ष स्पष्ट किया कि पत्रकार केवल अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहा था। संपादक की बात को गंभीरता से सुनते हुए कप्तान केशव कुमार ने तत्काल मामले की निष्पक्ष जांच और त्वरित कार्यवाही के निर्देश जारी किए हैं, जिससे खोजी पत्रकारों में न्याय की उम्मीद जगी है।
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर प्रहार बर्दाश्त नहीं
स्वतंत्र पत्रकार समिति के केंद्रीय कार्यालय इंदरपुर से शुरू हुए इस अभियान के दौरान पत्रकारों ने एक स्वर में कहा कि लोकतंत्र में पत्रकार का धर्म जनता तक सच पहुँचाना है। यदि स्वास्थ्य व्यवस्था की खामियों को उजागर करने पर मुकदमे दर्ज किए जाएंगे, तो यह अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का गला घोंटने जैसा है।
साक्ष्यों के आधार पर हो जांच
ज्ञापन में स्पष्ट किया गया है कि 05 मई 2026 को हुई घटना के दौरान पुलिस प्रशासन मौके पर मौजूद था। पत्रकारों की मांग है कि:
घटनास्थल की लाइव रिकॉर्डिंग और वीडियो फुटेज की गंभीरता से जांच हो।
इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को नजरअंदाज न किया जाए।
पत्रकार का नाम मुकदमे से तत्काल हटाया जाए।
मुफ्त कानूनी लड़ाई का ऐलान
इस लड़ाई को कानूनी मजबूती देते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट के एडवोकेट सुनील कुमार शुक्ला ने घोषणा की है कि संगठन के माध्यम से पत्रकार शिवकुमार कुशवाहा की लड़ाई वह निशुल्क लड़ेंगे। वहीं अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति के जिलाध्यक्ष हृदयानंद शर्मा ने भी इस मुहिम को अपना पूर्ण समर्थन दिया है।
पत्रकार संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का मिला समर्थन
विरोध प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने के दौरान जिले के विभिन्न पत्रकार संगठनों के पदाधिकारी, मीडियाकर्मी और सामाजिक कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। इसके साथ ही विश्व हिंदू रक्षा परिषद के प्रदेश संगठन मंत्री विक्रम चौहान और अन्य सामाजिक संगठनों ने भी पत्रकारों के सुर में सुर मिलाया और इस मांग का पुरजोर समर्थन किया।
निष्पक्ष न्याय की उम्मीद
स्वतंत्र पत्रकार समिति और जिले के समस्त मीडियाकर्मियों ने प्रशासन से उम्मीद जताई है कि पुलिस कप्तान के निर्देशानुसार मामले की उच्चस्तरीय व पारदर्शी जांच की जाएगी, जिससे सच सामने आ सके और पत्रकार शिवकुमार कुशवाहा को न्याय मिल सके।
रिपोर्ट: ओम पत्रिका न्यूज़ (Om Patrika News)
स्थान: कुशीनगर, उत्तर प्रदेश

Related Post

Leave a Comment