कुशीनगर में 700 इंटर छात्र बोर्ड परीक्षा से वंचित
गोस्वामी तुलसीदास इंटर कॉलेज के पत्राचार विद्यार्थियों का फार्म निरस्त, विभागीय लापरवाही पर उठे सवालकुशीनगर, प्रतिनिधि। जनपद के पडरौना नगर स्थित गोस्वामी तुलसीदास इंटर कॉलेज से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। इंटरमीडिएट के लगभग 700 छात्र इस वर्ष की बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हो सकेंगे। यह सभी विद्यार्थी कॉलेज के पत्राचार (कॉरेस्पॉन्डेंस) माध्यम से पंजीकृत बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोर्ड परीक्षा फार्म भरने की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं हुईं। आरोप है कि नियमों को दरकिनार कर परीक्षा फार्म भरे गए। प्रमाण पत्रों पर नोडल अधिकारी के स्थान पर लिपिक द्वारा हस्ताक्षर किए गए। साथ ही निर्धारित समय सीमा में परीक्षा शुल्क जमा नहीं होने के कारण फार्म निरस्त कर दिए गए।
फार्म निरस्तीकरण की सूचना मिलते ही छात्रों और अभिभावकों में हड़कंप मच गया। करीब 700 विद्यार्थियों की एक वर्ष की मेहनत पर पानी फिर गया है। परीक्षार्थियों का कहना है कि यदि प्रशासनिक या संस्थागत स्तर पर कोई त्रुटि हुई है तो उसका खामियाजा छात्रों को नहीं भुगतना चाहिए।
अभिभावकों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई और छात्रों को परीक्षा में सम्मिलित करने के लिए विशेष अवसर देने की अपील की है।
इस संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से आधिकारिक बयान का इंतजार है। हालांकि सूत्रों के अनुसार मामले की जांच प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
यह प्रकरण शिक्षा व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है। अब देखना होगा कि प्रशासन 700 छात्रों के भविष्य को लेकर क्या कदम उठाता है।