पुलिस की नाकामी से आहत युवक परिवार सहित पानी की टंकी पर चढ़ा
कुशीनगर। थाना विशुनपुरा क्षेत्र में पुलिस की कथित लापरवाही एक बार फिर सवालों के घेरे में है। बांस गांव सरगटीया निवासी गुलमुहम्मद अंसारी पुत्र हजरत अंसारी अपनी पत्नी और मासूम बच्चे के साथ जटवालिया गांव स्थित पानी की टंकी पर चढ़ गया।जानकारी के अनुसार करीब दो माह 14 दिन पूर्व उसकी पिकअप वाहन चोरी हो गई थी। पीड़ित का आरोप है कि बार-बार थाना और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद पुलिस अब तक चोरी का खुलासा नहीं कर सकी। कार्रवाई के अभाव और आश्वासनों से तंग आकर उसने यह कठोर कदम उठा लिया।घटना की सूचना मिलते ही थाना विशुनपुरा पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन सवाल यह उठता है कि यदि समय रहते मामले का खुलासा किया जाता तो क्या आज यह नौबत आती?


मौके पर सब इंस्पेक्टर महेंद्र यादव तथा डायल 112 के दीवान रविंद्र कुमार पीड़ित को नीचे उतरने के लिए मनाने में जुटे रहे। पुलिस की ओर से वाहन बरामदगी का आश्वासन भी दिया गया, किंतु पीड़ित अपनी मांगों पर अड़ा रहा।घटना के कारण सड़क पर आवागमन बाधित हो गया और क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि पुलिस पीड़ित की शिकायत को गंभीरता से लेती तो उसे अपने परिवार की जान जोखिम में डालने की आवश्यकता न पड़ती।
यह घटना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है और दर्शाती है कि आम नागरिक न्याय के लिए किस हद तक मजबूर हो सकता है।