
पुरुषोत्तम मास में श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ व गणपति अभिषेक शुरू
कुशीनगर(जगदीश सिंह)
हाटा तहसील के उपनगर सुकरौली अंतर्गत वार्ड नंबर-11 आजाद नगर डकहीं में पुरुषोत्तम मास के पावन अवसर पर श्री लक्ष्मीनारायण यज्ञ एवं श्री गणपति अभिषेक का शुभारंभ किया गया। स्वर्गीय राजेंद्र यादव के पुत्रों द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होकर पूजा-अर्चना कर रहे हैं। हिंदू पंचांग के अनुसार तीन वर्ष में एक बार आने वाला अधिक मास, जिसे पुरुषोत्तम मास कहा जाता है, भगवान श्रीहरि नारायण को समर्पित माना जाता है। इस मास में जप, तप, दान, पूजा-पाठ एवं धार्मिक अनुष्ठानों का विशेष महत्व बताया गया है।
इस अवसर पर शास्त्री जय नारायण मिश्र, लोलार्कनाथ मिश्र एवं विकास पाण्डेय ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पुरुषोत्तम मास में अपने निकट के मंदिरों में जाकर भगवान की आराधना करें और इस दुर्लभ अवसर का लाभ उठाएं।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीमन्नारायण की कृपा सभी भक्तों पर बनी रहे तथा यह पावन मास सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए।