बच्चा बरामद एसपी केशव कुमार की हो रही जिले में सराहना

चार घंटे में मासूम की बरामदगी, 48 घंटे में आरोपी गिरफ्त में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से जनता का भरोसा मजबूत

रिपोर्ट: के. एन. साहनी | सच्ची रिपोर्ट

कुशीनगर। तीन साल के मासूम के अपहरण और फिरौती मांगने की सनसनीखेज वारदात से परिवार ही नहीं, पूरे क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल था। ऐसे समय में रविन्द्रनगर धूस पुलिस ने जिस तेजी से कार्रवाई की, उससे आम जनता के बीच पुलिस के प्रति भरोसा मजबूत हुआ है। घटना के महज चार घंटे के भीतर मासूम को सकुशल बरामद करना और फरार चल रहे आरोपी को 19 अगस्त को गिरफ्तार कर लेना पुलिस की त्वरित कार्रवाई का बड़ा उदाहरण माना जा रहा है।

17 अगस्त 2026 की शाम करीब तीन बजे ग्राम सोहनरिया निवासी संदीप शर्मा का तीन वर्षीय पुत्र जानकीनगर स्थित मकान के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान आरोपी राममिलन यादव ने कथित रूप से बच्चे को अपने साथ ले लिया। इसके बाद बच्चे के पिता से फोन पर संपर्क कर फिरौती की मांग की गई।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने इसे गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा और क्षेत्राधिकारी सदर राकेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस की कई टीमें गठित की गईं। पुलिस ने सर्विलांस और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से तेजी से कार्रवाई शुरू की।

चार घंटे में पुलिस ने मासूम को  सुरक्षित उसके परिजनों को सौंपा

पुलिस की लगातार दबिश और घेराबंदी का परिणाम रहा कि महज चार घंटे के भीतर अपहृत तीन वर्षीय बालक को आरोपी के घर से सकुशल बरामद कर लिया गया। हालांकि पुलिस की भनक लगते ही आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

मासूम के सुरक्षित मिलने के बाद पुलिस के सामने अगली चुनौती आरोपी को पकड़ने की थी। पुलिस ने हार नहीं मानी और लगातार उसकी तलाश में जुटी रही।

आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ा आरोपी

लगातार प्रयासों के बाद 19 अगस्त 2026 को राममिलन यादव पुत्र राधाकृष्ण यादव निवासी बगहवा, थाना धनहा, जनपद पश्चिमी चम्पारण, बिहार को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी पिछले कई वर्षों से सोहनरिया में रह रहा था। गांव के लोगों से उसका परिचय था और वह बच्चों के साथ भी घुला-मिला रहता था। पुलिस का कहना है कि इसी परिचय का फायदा उठाकर उसने मासूम को अपने साथ ले जाकर कथित रूप से उसके पिता से फिरौती मांगी।

वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या BR 22 AM 5006 भी बरामद की है।

जनता को पुलिस से बड़ी उम्मीद

मासूम के अपहरण जैसी घटना में परिवार के लिए हर एक मिनट भारी होता है। ऐसे में पुलिस द्वारा चार घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद करना और लगातार प्रयास कर आरोपी को गिरफ्तार करना निश्चित रूप से सराहनीय कार्रवाई है।

कुशीनगर की जनता पुलिस से यही उम्मीद करती है कि अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच न पाए। इस मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने यह संदेश दिया है कि मासूमों की सुरक्षा और गंभीर अपराधों के मामलों में पुलिस समय पर सक्रिय होकर कार्रवाई कर सकती है।

अब लोगों की निगाहें आगे की कानूनी कार्रवाई और विवेचना पर हैं, ताकि आरोपी को उसके कृत्य की सजा कानून के अनुसार मिल सके।

मुकदमा

थाना रविन्द्रनगर धूस में मु0अ0सं0 134/2026, धारा 137(2), 140(2), 351(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम

थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह, उपनिरीक्षक सूर्यभान यादव, सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक शन्नी कुमार दुबे, उपनिरीक्षक महेन्द्र यादव, कांस्टेबल राहुल यादव, कांस्टेबल सूरज वर्मा एवं कांस्टेबल विशाल यादव की टीम ने आरोपी की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

सच्ची रिपोर्ट की नजर में—मासूम की सकुशल बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली है। अब उम्मीद है कि मामले की विवेचना भी इसी तेजी और निष्पक्षता के साथ आगे बढ़ेगी।

Related Post

Leave a Comment