कुशीनगर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, नकली ढक्कन व जलमिश्रित शराब बरामद,,
कुशीनगर। जिला आबकारी अधिकारी कुशीनगर सुभाष चन्द्र एवं आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 कसया धर्मेन्द्र कुमार कन्नौजिया के नेतृत्व में 12 अगस्त 2026 को कंपोजिट दुकान जोकवा का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान आबकारी टीम ने दुकान से विभिन्न ब्रांडों की 21 बोतल जलमिश्रित विदेशी मदिरा, 2 बोतल खुली शराब तथा 41 नकली ढक्कन बरामद किए।
जांच के दौरान दुकान पर ऑफिसर चॉइस विदेशी मदिरा के 18 पेटी टेट्रा पैक भी पाए गए, जिनकी निकासी उक्त दुकान के लिए नहीं थी। आबकारी विभाग ने बरामद सामग्री को गंभीर अनियमितता मानते हुए मामले में सख्त कार्रवाई की है।
प्रकरण में दुकान पर मौजूद विक्रेता विंध्याचल कुशवाहा पुत्र कुबेर कुशवाहा, निवासी भटवा बाजार, कटेया, गोपालगंज, बिहार तथा सुमेश कुशवाहा पुत्र शिवराज कुशवाहा, निवासी लक्ष्मीपुर कचहरी, गोपालगंज, बिहार के साथ संबंधित अनुज्ञापी के विरुद्ध आबकारी अधिनियम एवं बीएनएस की सुसंगत धाराओं में थाना तुर्कपट्टी में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
इसके साथ ही संबंधित दुकान के निलंबन की कार्रवाई भी प्रारंभ कर दी गई है।
आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से अवैध एवं मिलावटी शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि शराब की बिक्री में अनियमितता, मिलावट अथवा नियमों के उल्लंघन के मामलों में नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
— सच्ची रिपोर्ट