कसया में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या, 3 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा; एक गिरफ्तार
लोहे की रॉड से हत्या का आरोप, दूसरा नामजद अभियुक्त फरार,,
पुलिस टीम गिरफ्तारी में जुटी
कुशीनगर, 11 अगस्त। थाना कसया क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर 22 वर्षीय युवक की हत्या किए जाने के मामले का पुलिस ने घटना के करीब तीन घंटे के अंदर खुलासा करते हुए एक नामजद अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर कथित आलाकत्ल लोहे की रॉड भी बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मोहित मद्धेशिया (22) पुत्र योगेन्द्र मद्धेशिया, निवासी डुमरी चुरामन छपरा, थाना कसया के रूप में हुई है। मृतक के पिता योगेन्द्र मद्धेशिया की तहरीर पर थाना कसया में मुकदमा अपराध संख्या 0492/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अरविन्द गौड़, शैलेश गौड़ तथा कुछ अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
प्रेम प्रसंग को लेकर हुआ विवाद
पुलिस की जांच में सामने आया कि मृतक मोहित मद्धेशिया का आरोपी अरविन्द गौड़ की पुत्री से कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। पुलिस के मुताबिक, 10/11 अगस्त की रात मोहित ने अरविन्द गौड़ की पुत्री को गांव के बाहर स्थित दूसरे मकान पर मिलने के लिए बुलाया था।
पुलिस का कहना है कि इसी दौरान अरविन्द गौड़ और उसके चचेरे भाई शैलेश गौड़ अपनी पुत्री को खोजते हुए उक्त मकान पर पहुंचे। वहां दोनों को साथ देखकर विवाद उत्पन्न हो गया। आरोप है कि इसके बाद अरविन्द गौड़ और शैलेश गौड़ ने मिलकर मोहित मद्धेशिया पर लोहे की रॉड समेत ठोस वस्तु से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
एक अभियुक्त गिरफ्तार, दूसरे की तलाश
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए अरविन्द पुत्र रामप्यारे गौड़, निवासी भठई बाबु, थाना कसया को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लोहे की रॉड बरामद की है, जिसे आलाकत्ल बताया गया है।
वहीं, मामले में नामजद दूसरे अभियुक्त शैलेश गौड़ पुत्र सुदामा गौड़ की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
एसपी के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी कसया डा. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना कसया पुलिस ने कार्रवाई की।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष इत्यानन्द पाण्डेय, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक रुद्र प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अभिषेक यादव सहित कांस्टेबल अभिषेक राय, आशुतोष सिंह, सरवन कुमार और अरविन्द सिंह शामिल रहे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया गया है।
कसया में हत्या की घटना का 3 घंटे में खुलासा, एक अभियुक्त गिरफ्तार
कुशीनगर, 11 अगस्त 2026।
जनपद कुशीनगर के थाना कसया क्षेत्र में हुई हत्या की घटना का पुलिस ने महज तीन घंटे के अंदर सफल अनावरण करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू की और महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर अभियुक्त तक पहुंच बनाई। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के संबंध में अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री सिद्धार्थ वर्मा ने जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार घटना के संबंध में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा प्रकरण की जांच जारी है।