संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप

गले पर निशान मिलने से बढ़ा संदेह, दहेज हत्या की जांच की मांग
ओम पत्रिका न्यूज
रिपोर्ट: प्रदुम्न सिंह, कुशीनगर
कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र के हरपुर ढाढा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मायके पक्ष ने पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों ने स्थानीय पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मृतका की मां द्वारा पुलिस अधीक्षक को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि वर्ष 2020 में उनकी पुत्री का विवाह हाटा कोतवाली क्षेत्र के नगर पालिका अंतर्गत ढाढा खुर्द उर्फ हरपुर निवासी युवक के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से पति, सास, ससुर तथा अन्य ससुरालीजन पांच लाख रुपये नकद और सोने की चेन की मांग करने लगे। मांग पूरी न होने पर विवाहिता को शारीरिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।
परिजनों का कहना है कि कई बार समझौते और समझाने-बुझाने का प्रयास किया गया, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। उनका आरोप है कि विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है तथा उसके गले पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या का मामला बताते हुए साक्ष्यों को छिपाने का भी आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार हाटा कोतवाली में शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिसके बाद उन्हें पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर न्याय की गुहार लगानी पड़ी। उन्होंने पति समेत सभी नामजद आरोपियों के विरुद्ध दहेज हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस अधीक्षक कार्यालय को प्रार्थना पत्र सौंप दिया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई पुलिस जांच तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।
नोट: दहेज हत्या और उत्पीड़न के आरोप मायके पक्ष द्वारा लगाए गए हैं। मामले की सत्यता पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Related Post

Leave a Comment