उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य मिठाई लाल ने खड्डा तहसील में की जनसुनवाई

उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य मिठाई लाल ने खड्डा तहसील में की जनसुनवाई


शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत निस्तारण के दिए निर्देश


खड्डा, कुशीनगर। उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति आयोग के माननीय सदस्य मिठाई लाल की अध्यक्षता में बुधवार को खड्डा तहसील सभागार में जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान आयोग के सदस्य ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता अथवा कागजी कार्रवाई तक सीमित नहीं होना चाहिए। सभी अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर मामलों की निष्पक्ष जांच करें तथा पीड़ितों को वास्तविक न्याय दिलाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पात्र व्यक्तियों को समयबद्ध ढंग से न्याय एवं सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने राजस्व, पुलिस, विकास एवं समाज कल्याण विभाग से संबंधित प्राप्त शिकायतों के निस्तारण हेतु अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी भी स्तर पर शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने अथवा टालमटोल करने की शिकायत प्राप्त हुई तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
माननीय सदस्य ने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना आयोग का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि तहसील स्तर पर आने वाले फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जवाबदेही तय करते हुए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर सर्वेश कुमार सिंह गौर, वीरेंद्र सिंह, अभिषेक कुमार सहित राजस्व, विकास एवं पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


रिपोर्ट : सच्ची रिपोर्ट, खड्डा (कुशीनगर)

Related Post

Leave a Comment