जनता की समस्या का समाधान हमारी प्राथमिकता : एसडीएम मोहम्मद जफर (पीसीएस)


कप्तानगंज, कुशीनगर। तहसील कप्तानगंज में बुधवार को उपजिलाधिकारी मोहम्मद जफर (पीसीएस) ने अपने जनसुनवाई कक्ष में फरियादियों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं किसान अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर पहुंचे।
एसडीएम मोहम्मद जफर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित लेखपालों एवं कानूनगो को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए तथा मामलों का त्वरित एवं निष्पक्ष निस्तारण सुनिश्चित करने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा।
जनसुनवाई में पहुंचे कई किसानों ने आरोप लगाया कि तहसील क्षेत्र में कुछ लेखपालों के कार्यकलापों से किसान वर्ग परेशान है। किसानों ने भूमि संबंधी मामलों, पैमाइश, नामांतरण तथा राजस्व अभिलेखों से जुड़ी समस्याओं को लेकर अपनी शिकायतें दर्ज कराईं।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान कराया जाए, ताकि आम जनता को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

रिपोर्ट : के. एन. साहनी