तमकुहीराज, कुशीनगर। ग्राम पंचायत रामपुर बरहन में नए पंचायत भवन के निर्माण स्थल को लेकर ग्रामीणों का विरोध लगातार जारी है। पंचायत भवन परिसर में लगाए गए बैनर के माध्यम से ग्राम सभा के लोगों ने 12 जून 2026 से अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू किए जाने की घोषणा की है। आंदोलनकारियों की प्रमुख मांग है कि नया पंचायत भवन उसी स्थान पर निर्मित कराया जाए, जहां वर्तमान में पुराना पंचायत भवन स्थित है।
ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत भवन निर्माण स्थल को लेकर पूर्व में भी कई बार शिकायतें और आंदोलन किए गए, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा अब तक न तो कोई जांच कराई गई और न ही किसी प्रकार की कार्रवाई की गई। आंदोलनकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
पंचायत भवन परिसर में लगाए गए बैनर के अनुसार आंदोलन को ग्राम सभा रामपुर बरहन की जनता का समर्थन प्राप्त है। आंदोलन का नेतृत्व समाजसेवी श्रीनिवास कुशवाहा कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत भवन गांव की सार्वजनिक संपत्ति है और इसके निर्माण संबंधी निर्णय ग्राम सभा की सहमति एवं जनभावनाओं के अनुरूप लिए जाने चाहिए।
आंदोलनकारियों ने प्रशासन से मांग की है कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए तथा पंचायत भवन निर्माण के संबंध में शीघ्र निर्णय लिया जाए। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
वहीं, समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।
फोटो कैप्शन: ग्राम पंचायत रामपुर बरहन के पंचायत भवन परिसर में अनिश्चितकालीन आंदोलन के समर्थन में लगाया गया


रिपोर्ट: के. एन. साहनी, मुख्यालय कुशीनगर
