ट्रांसफार्मर ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी, दो घरों में लगी आग, चार लोग झुलसे

ट्रांसफार्मर ब्लास्ट से मची अफरा-तफरी, दो घरों में लगी आग, चार लोग झुलसे
रविंद्र नगर धूस/कुशीनगर। थाना क्षेत्र के कोहड़ा गांव में सोमवार सुबह लगभग 10 बजे विद्युत ट्रांसफार्मर में अचानक हुए शॉर्ट सर्किट अथवा तकनीकी खराबी के कारण जोरदार धमाके के साथ ट्रांसफार्मर ब्लास्ट हो गया। धमाके के बाद निकली आग की लपटों ने आसपास के दो घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे भारी नुकसान हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफार्मर से तेज आवाज आने के बाद उसमें आग लग गई और कुछ ही क्षणों में वह विस्फोट के साथ फट गया। आग की चपेट में आने से दो मकान, एक मोटरसाइकिल तथा घरों में रखा कीमती सामान जलकर नष्ट हो गया। हादसे में चार लोग झुलसकर घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने फायर स्टेशन को फोन किया। मौके पर पहुंची अग्निशमन विभाग की टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से आग पर काबू पाया। इसके साथ ही राहत एवं बचाव कार्य भी शुरू कर दिया गया, जिससे अन्य घरों को आग की चपेट में आने से बचाया जा सका।
सूचना मिलने पर थाना रविंद्र नगर धूस पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तथा घायलों का हालचाल जाना। वहीं उपजिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा और आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दिए। राजस्व टीम द्वारा नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।
ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से जले हुए ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलने तथा प्रभावित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है। प्रशासन द्वारा घटना के सभी पहलुओं की जांच कराई जा रही है।

सभी घायलों का जिला अस्पताल में चल रहा इलाज

Related Post

Leave a Comment