राजकीय महाविद्यालय में योग दिवस पर हुआ आयोजन
छात्र-छात्राओं ने किया योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प
कुशीनगर(जगदीश सिंह)
राजकीय महाविद्यालय ढाढ़ा बुजुर्ग, हाटा में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश शासन तथा क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी, गोरखपुर के निर्देश के क्रम में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अभिषेक कुमार मिश्र के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं योग प्रशिक्षक, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अजय कुमार राय ने योग के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास और प्राणायाम स्वस्थ एवं तनावमुक्त जीवन की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, पवनमुक्तासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। साथ ही अनुलोम-विलोम, कपालभाति एवं भ्रामरी प्राणायाम का भी सामूहिक अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास के दौरान प्रतिभागियों में उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा देखने को मिली। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण, अनुशासित एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में प्रभारी प्राचार्य डॉ. अभिषेक कुमार मिश्र ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी प्राध्यापकों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए नियमित योगाभ्यास के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
