पुराने से पुराने मामलों को हल कराने में लगे है संतराज सिंह

तहसील कसया में जनसुनवाई: एसडीएम ने सुनी फरियाद, निस्तारण के दिए निर्देश


कसया, 18 जून 2026। तहसील कसया में आयोजित जनसुनवाई के दौरान उपजिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल ने पहले तहसील गेट पर ही फरियादियों की समस्याएं सुनीं। इसके बाद उन्होंने संबंधित पक्षों को अपने चेंबर में बुलाकर बैठाया और विस्तार से उनकी शिकायतों को सुनते हुए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान नायब तहसीलदार राहुल खरवार (फाजिलनगर क्षेत्र) भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित मामलों में नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।
इस दौरान कई पीड़ितों ने शिकायत की कि उपजिलाधिकारी के आदेशों के बावजूद कुछ मामलों में लेखपाल और कानूनगो द्वारा समय पर कार्रवाई नहीं की जा रही है। फरियादियों का कहना था कि जिन मामलों का निस्तारण एक-दो दिन में हो सकता है, उनमें 12 दिन बीत जाने के बाद भी मौके पर राजस्व कर्मी नहीं पहुंचे हैं।
पीड़ितों ने मांग की कि आदेशों का पालन न करने वाले कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए ताकि आम जनता को अनावश्यक रूप से तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों की मंशा जनहित में है, लेकिन निचले स्तर पर लापरवाही के कारण लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
उपजिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए और फरियादियों को भरोसा दिलाया कि प्रत्येक मामले में निष्पक्ष एवं न्यायपूर्ण कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्ट: के. एन. साहनी, कुशीनगर

Related Post

Leave a Comment