डीएम के निर्देश पर एसडीएम संतराज सिंह ने सुलझाया वर्षों पुराना जमीनी विवाद
कसया, कुशीनगर। जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण की दिशा में जिला प्रशासन की सक्रियता का एक और उदाहरण सामने आया है। जिलाधिकारी कुशीनगर महेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर उपजिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल ने वर्षों से लंबित एक जमीनी विवाद का मौके पर पहुंचकर सफल निस्तारण कराया।
जानकारी के अनुसार थाना कसया क्षेत्र के वरवा जंगल निवासी राम अवध कई वर्षों से अपने भूमि विवाद को लेकर कोर्ट-कचहरी के चक्कर लगा रहे थे। न्याय की उम्मीद में उन्होंने जिलाधिकारी के जनता दर्शन कार्यक्रम में अपनी शिकायत प्रस्तुत की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल उपजिलाधिकारी कसया को प्रकरण के निस्तारण के निर्देश दिए।
निर्देश मिलते ही उपजिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह बघेल राजस्व टीम के साथ गांव पहुंचे और दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर उनकी बातें सुनीं। राजस्व अभिलेखों एवं मौके की स्थिति का परीक्षण करने के बाद विवादित भूमि का समाधान कराया गया।
बताया जाता है कि गाटा संख्या 641 रकबा 95 डिसमिल तथा गाटा संख्या 642 रकबा 1 डिसमिल भूमि को लेकर वर्षों से विवाद चला आ रहा था। विवाद के कारण भूमि पर खेती-बारी भी नहीं हो पा रही थी। मौके पर हुई सुनवाई और समझौते के बाद दोनों पक्षों के हिस्से का निर्धारण कर उन्हें उनका अधिकार उपलब्ध करा दिया गया।
मामले के समाधान से दोनों पक्षों ने संतोष व्यक्त किया तथा प्रशासन का आभार जताया। अब उन्हें न्यायालय और तहसील के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल ने बताया कि जमीनी विवादों का निस्तारण मौके पर जाकर करने से वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो जाती है। दोनों पक्षों को सुनने और राजस्व अभिलेखों का परीक्षण करने के बाद अधिकांश मामलों का समाधान सहज रूप से निकल आता है।
इस अवसर पर लेखपाल विनोद सिंह सहित अन्य तहसील कर्मी भी उपस्थित रहे। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया।



