रक्तदान दिवस पर डीएम व एसपी ने किया रक्तदाताओं का सम्मान,,
कुशीनगर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, कुशीनगर में रक्तदान करने वाले स्वैच्छिक रक्तदाताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कुशीनगर महेंद्र सिंह तंवर एवं पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने रक्तदाताओं से भेंट कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके स्वास्थ्य एवं कुशलक्षेम की जानकारी ली।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने रक्तदान को मानवता की सेवा का सर्वोच्च कार्य बताते हुए रक्तदाताओं के निःस्वार्थ योगदान की सराहना की। इस अवसर पर रक्तदान करने वाले सभी व्यक्तियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने बताया कि कुशीनगर पुलिस भविष्य में भी रक्तदान जागरूकता कार्यक्रमों को निरंतर प्रोत्साहित करती रहेगी ताकि अधिक से अधिक लोग इस पुनीत कार्य से जुड़ सकें।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं चिकित्सकों ने भी लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने की अपील की और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर बल दिया।
रिपोर्ट: के. एन. साहनी, कुशीनगर





