स्वास्थ्य टीम ने किया निरीक्षण, जागरूकता अभियान चलाकर बांटी दवाएं

स्वास्थ्य टीम ने किया निरीक्षण, जागरूकता अभियान चलाकर बांटी दवाएं

अहीरौली कुसम्ही में चिकनपॉक्स के लक्षण मिलने पर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

कुशीनगर(जगदीश सिंह)
कुशीनगर जिले के रामकोला स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) की स्वास्थ्य टीम ने सोमवार को ग्राम पंचायत अहीरौली कुसम्ही का दौरा कर निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया। गांव में कुछ लोगों में चिकनपॉक्स (चेचक) जैसे लक्षण मिलने की सूचना पर सीएचसी प्रभारी डॉ. एस.के. विश्वकर्मा के निर्देश पर टीम को मौके पर भेजा गया।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कर्मियों ने उमापति कुशवाहा, जितेंद्र कुशवाहा तथा नगीना कुशवाहा के घर पहुंचकर बच्चों एवं अन्य सदस्यों की स्वास्थ्य जांच की। जांच में आदर्श (7 वर्ष), अनन्या (5 वर्ष) तथा प्रीति कुशवाहा (20 वर्ष) के शरीर पर चिकनपॉक्स के लक्षण पाए गए। स्वास्थ्य टीम ने प्रभावित व्यक्तियों को आवश्यक दवाएं वितरित कर उपचार शुरू कराया तथा परिजनों को रोग से बचाव और सावधानियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। स्वास्थ्य कर्मियों ने ग्रामीणों को स्वच्छता बनाए रखने, संक्रमित व्यक्ति को अन्य लोगों से अलग रखने तथा समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की सलाह दी।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य संक्रमण को गांव में फैलने से रोकना और लोगों को बीमारी के प्रति जागरूक करना है। इसके लिए घर-घर जाकर स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी जा रही है तथा संदिग्ध मरीजों की निगरानी की जा रही है।
इस अभियान में सीएचसी रामकोला की स्वास्थ्य टीम के सदस्य विश्राम राव, आनंद कुमार दुबे तथा आशा कार्यकर्ती मीरा देवी शामिल रहीं। स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति में चिकनपॉक्स के लक्षण दिखाई दें तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें।

Related Post

Leave a Comment