प्रेमिका ने ही की दुपट्टे से गला घोटकर प्रेमी की हत्या:

प्रेमिका ने ही की दुपट्टे से गला घोटकर प्रेमी की हत्या:

रिपोर्ट: पप्पू गुप्ता

हाटा, कुशीनगर। हाटा नगर स्थित एक मेले में बुधवार की आधी रात प्रेम प्रसंग का मामला खूनी वारदात में बदल गया। यहां एक युवती ने अपने प्रेमी की कथित रूप से दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सेवरही थाना क्षेत्र के पिपरा मुस्तकिल अगरवा के शुक्ल टोला निवासी करीब 34 वर्षीय शैलेश शुक्ल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि शैलेश शुक्ल और गाजियाबाद निवासी युवती आरती अहिरवार के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध था। दोनों विभिन्न मेलों में एक साथ काम करते थे और हाटा नगर में पूर्व विधायक की खाली पड़ी जमीन पर लगे मेले में भी साथ मौजूद थे।
जानकारी के अनुसार बुधवार की देर रात किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवती ने कथित तौर पर अपने दुपट्टे से शैलेश का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गुरुवार सुबह घटना की जानकारी होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी युवती आरती अहिरवार पुत्री हल्की राम निवासी गोविंदपुरम थाना बापूधाम, जिला गाजियाबाद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अपराध निरीक्षक हरिराम यादव ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पूछताछ के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद हाटा नगर और आसपास के क्षेत्रों में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

Related Post

Leave a Comment