






कुशीनगर। केशव कुमार द्वारा रविवार को रिजर्व पुलिस लाइन कुशीनगर में जनपद के समस्त थानों के चौकीदारों के साथ “ग्राम प्रहरी सम्मेलन” आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्राम प्रहरियों को सम्मानित करते हुए उनके कर्तव्यों के निर्वहन हेतु आवश्यक सामग्रियों का वितरण किया गया।
सम्मेलन में पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों से गौ-तस्करी, चोरी-नकबजनी, अवैध शराब तस्करी तथा अन्य संगीन अपराधों की रोकथाम को लेकर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण और सूचना तंत्र को मजबूत बनाने में चौकीदारों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
एसपी ने सभी ग्राम प्रहरियों को अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने चौकीदारों की समस्याओं और कार्य में आने वाली बाधाओं की जानकारी भी ली तथा संबंधित थाना प्रभारियों को उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
ग्राम प्रहरियों के मनोबल को बढ़ाने एवं ड्यूटी के दौरान सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से कुल 200 चौकीदारों, जिनमें 188 पुरुष एवं 12 महिला चौकीदार शामिल रहीं, को टिफिन, सीटी डोरी एवं टॉर्च वितरित की गई।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
