
एसपी कार्यालय में लगातार पहुंच रहे फरियादी, समस्याओं के निस्तारण के दिए निर्देश
कुशीनगर। जनपद में अपराध नियंत्रण और फरियादियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के दावों के बीच पुलिस अधीक्षक कार्यालय में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को भी पुलिस अधीक्षक कुशीनगर केशव कुमार ने कार्यालय पहुंचने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।
पुलिस अधीक्षक ने आवेदकों की शिकायतों का विस्तारपूर्वक अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए। उन्होंने फरियादियों को न्याय का भरोसा दिलाते हुए कहा कि सभी मामलों का निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण कराया जाएगा।
एसपी कार्यालय में लगातार पहुंच रहे फरियादियों को लेकर चर्चाएं भी तेज हैं। लोगों का कहना है कि विभिन्न थाना क्षेत्रों से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए अब सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय का रुख करना पड़ रहा है। वहीं पुलिस विभाग का दावा है कि प्राप्त प्रार्थना पत्रों पर तत्काल कार्यवाही सुनिश्चित कराई जा रही है।