जनगणना प्रशिक्षण में भोजन व्यवस्था पर सवाल, कर्मचारियों ने जताया विरोध
पप्पू सुकरौली, कुशीनगर
जनगणना प्रशिक्षण के दौरान उस समय असहज स्थिति उत्पन्न हो गई जब प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों एवं कर्मचारियों के लिए भोजन एक अनुपयुक्त वाहन से पहुंचाया गया। इस पर नाराज कर्मचारियों ने आपत्ति जताते हुए भोजन लेने से इंकार कर दिया।
जानकारी के अनुसार, हाटा क्षेत्र में चल रही जनगणना प्रशिक्षण कार्यशाला में बड़ी संख्या में शिक्षक व कर्मचारी शामिल थे। दोपहर के भोजन की व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई थी, लेकिन भोजन वितरण की प्रक्रिया को लेकर कर्मचारियों ने असंतोष व्यक्त किया।
कर्मचारियों का कहना था कि इस प्रकार की व्यवस्था उनके सम्मान के अनुरूप नहीं है और भविष्य में इस पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
विरोध की सूचना पर नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और कर्मचारियों को समझाकर स्थिति को शांत कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे से भोजन व्यवस्था को बेहतर और गरिमापूर्ण तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा।
हालांकि, कुछ कर्मचारियों ने भोजन ग्रहण करने से इंकार कर दिया। घटना के बाद प्रशासनिक व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठे हैं।
प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए व्यवस्था में सुधार का आश्वासन दिया है।
