कृषक गोष्ठी सह मृदा परीक्षण अभियान का आयोजन, किसानों को दी गई उन्नत खेती की जानकारी
जनपद कुशीनगर, विकास खंड कसया (ग्राम खदई)
दिनांक: 25 अप्रैल 2026
जनपद कुशीनगर के विकास खंड कसया अंतर्गत ग्राम खदई में आज कृषक गोष्ठी सह मृदा परीक्षण अभियान कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में क्षेत्र के लगभग 50 प्रगतिशील किसानों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में इफको क्षेत्र अधिकारी श्री अनमोल रत्न, एसएफए अभिषेक दुबे एवं एसएफए हॉटस्पॉट अंगद गिरी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रगतिशील कृषक श्री सोनू अंसारी द्वारा की गई।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए इफको क्षेत्र अधिकारी ने किसानों को मृदा नमूना लेने की वैज्ञानिक विधि तथा उसके परीक्षण के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मृदा परीक्षण के माध्यम से खेत में मौजूद पोषक तत्वों की सही जानकारी प्राप्त होती है, जिससे यह पता चलता है कि किस तत्व की कमी या अधिकता है। इसके आधार पर संतुलित उर्वरक का प्रयोग कर खेती की लागत कम की जा सकती है और उत्पादन बढ़ाया जा सकता है।
किसानों को यह भी बताया गया कि मृदा नमूना लेते समय खेत के विभिन्न स्थानों से 6 से 8 इंच गहराई तक मिट्टी निकालकर उसका मिश्रण तैयार करें और उसमें से एक प्रतिनिधि नमूना परीक्षण हेतु भेजें। साथ ही यह सावधानी बरतें कि नमूना खेत के कोनों, मेड़ों या उर्वरक डाले गए स्थानों से न लिया जाए।
कार्यक्रम में नैनो यूरिया प्लस, नैनो डीएपी, सागरिका सहित इफको के अन्य उत्पादों के उपयोग की विधि भी विस्तार से समझाई गई। किसानों को बताया गया कि पारंपरिक दानेदार उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता पर नकारात्मक प्रभाव पड़ता है, जबकि नैनो उर्वरक सीधे पौधों पर प्रभाव डालते हैं और मिट्टी की गुणवत्ता को बनाए रखने में सहायक होते हैं।
इस अवसर पर प्रगतिशील कृषक श्री ज़मील अंसारी, लक्ष्मीनारायण कुशवाहा, रोहित गोंड सहित अन्य किसानों ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई और कार्यक्रम को सफल बनाया।


