भक्ति में सराबोर हुआ भैसहां पकड़ीयहवा
कुशीनगर। जनपद के ग्राम सभा भैसहां पकड़ीयहवा में आयोजित श्री श्री 1008 श्री शतचंडी महायज्ञ एवं कथा रामलीला मंचन से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा हुआ है। इस पावन आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है।



महायज्ञ का शुभारम्भ 29 मार्च 2026 को भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ, जिसमें महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूरे गांव में गाजे-बाजे और जयकारों के बीच निकली कलश यात्रा ने माहौल को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।कार्यक्रम में वृन्दावन से पधारी पूज्य देवी कथा वाचिका कृष्णमोहिनी जी द्वारा श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराया जा रहा है। उनकी मधुर वाणी और प्रवचनों से श्रोता मंत्रमुग्ध होकर धर्म, भक्ति और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा ले रहे हैं। वहीं रामलीला मंचन ने भी दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।
यज्ञ में आहुति देकर श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, सुख-समृद्धि और क्षेत्र के विकास की कामना की। आयोजन में प्रमुख सहयोगी एवं पूर्व प्रधान श्री सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि शतचंडी महायज्ञ जैसे आयोजन विश्व कल्याण के लिए किए जाते हैं, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा, शांति और एकता का संचार होता है।उन्होंने कहा कि इस धार्मिक अनुष्ठान से क्षेत्र में सुख-शांति और समृद्धि की अनुभूति हो रही है, जो समाज के लिए शुभ संकेत है।
महायज्ञ का समापन 8 अप्रैल 2026 को होगा, जिसके उपलक्ष्य में विशाल महाप्रसाद भंडारा का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर क्षेत्र के हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
पूरे आयोजन की सफलता में आयोजक मंडल एवं ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा है। यह धार्मिक कार्यक्रम क्षेत्र में आस्था, श्रद्धा और सामाजिक एकता का प्रतीक बन गया है इस अवसर पर अजय सिंह पटेल, मनोज तिवारी, प्रमोद तिवारी,सत्यमसिंह पटेल, गौरीशंकर सिंह, विक्की सिंह, शैलेश सिंह, रांकी भाई, पुष्पा भाऊ, जोगी सिंह, हरिन्द्र यादव, लवकुश सिंह, जोगेंद्र शर्मा, रमेश शर्मा, विशाल सिंह, राजू सिंह एवं समस्त क्षेत्र एवं ग्राम वासी मौजूद रहे.