थाना रबिंद्र नगर धूस में नवागत थानाध्यक्ष की सख्ती, लंबित विवेचनाओं पर विशेष बैठक आयोजित
रिपोर्ट – ओम पत्रिका न्यूज

कुशीनगर जनपद के थाना रबिंद्र नगर धूस में नवागत थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा ने कार्यभार ग्रहण करते ही कानून व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में सक्रिय पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में उन्होंने थाने पर तैनात समस्त विवेचकों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक कर लंबित मामलों की समीक्षा की और विवेचना की वास्तविक स्थिति का गहन मूल्यांकन किया।
बैठक के दौरान थानाध्यक्ष ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन मुकदमों की विवेचना लंबित है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण किया जाए तथा बिना अनावश्यक विलंब के चार्जशीट माननीय न्यायालय में प्रेषित की जाए। उन्होंने कहा कि समयबद्ध कार्रवाई से ही अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित हो सकेगी और पीड़ितों को शीघ्र न्याय मिलेगा।
यह निर्देश पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के आदेशों के क्रम में दिए गए, जिसमें सभी थाना प्रभारियों को लंबित विवेचनाओं के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और विवेचना कार्य में पारदर्शिता एवं गुणवत्ता बनाए रखना अनिवार्य होगा।
इसके साथ ही उन्होंने सभी बीट इंचार्जों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा आवश्यक होने पर उनके विरुद्ध विधिक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि गंभीर मामलों में संदिग्ध व्यक्तियों के नाम उपजिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कर उनके विरुद्ध प्रभावी नियंत्रणात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिससे क्षेत्र में कानून का भय बना रहे।
थानाध्यक्ष की इस सख्त कार्यशैली से क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर सकारात्मक संदेश गया है। आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है, वहीं अपराधियों में खौफ का माहौल बनता दिखाई दे रहा है।

