आंगनबाड़ी केंद्र में नए शैक्षिक सत्र का नवारंभ उत्सव आयोजित

ओम पत्रिका न्यूज
रिपोर्ट: प्रद्युम्न सिंह, कुशीनगर,,

कुशीनगर जनपद के मथौली बाजार क्षेत्र के विकास खंड मोतीचक अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय लाला टोला सिकटिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पर बुधवार, 25 मार्च को शैक्षिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर नवारंभ उत्सव का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय एवं बाल वाटिका कक्ष को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा बच्चों और उनके अभिभावकों का स्वागत किया गया। कार्यक्रम में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से सीखने के साथ-साथ आनंद भी उठाया।
प्रभारी प्रधानाध्यापक अशोक कुमार यादव ने बताया कि शासन की इस पहल का मुख्य उद्देश्य 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करना तथा विद्यालय में उनकी नियमित उपस्थिति बनाए रखना है।
नोडल शिक्षिका दीपा तिवारी ने अभिभावकों को बाल वाटिका कक्ष का अवलोकन कराते हुए बताया कि यहां बच्चों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ करके सीखने (Learning by Doing) की पद्धति पर विशेष जोर दिया जाता है।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री माया यादव ने अभिभावकों की सहमति से 6 वर्ष आयु पूर्ण कर चुके बच्चों की सूची नोडल शिक्षिका को सौंपते हुए उनका कक्षा एक में प्रवेश सुनिश्चित कराया।
शिक्षक विनीत कुमार तोमर एवं अनिल कुमार ने अभिभावकों को शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं—निःशुल्क पुस्तकें, मेडिकल चेकअप, ड्रेस, जूते-मोजे, बैग एवं स्टेशनरी हेतु दी जाने वाली ₹1200 की धनराशि—के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार ने सरकार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि बाल वाटिका बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने अभिभावकों से अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन कराने तथा विद्यालय से नियमित रूप से जुड़े रहने का आह्वान किया।

Related Post

Leave a Comment