सर्विस लेन पर दो बाइकों की भिड़ंत, युवक का पैर टूटा

सर्विस लेन पर दो बाइकों की भिड़ंत, युवक का पैर टूटाकुशीनगर(जगदीश सिंह हाटा )
थाना कोतवाली हाटा क्षेत्र के सुकरौली में राष्ट्रीय राजमार्ग की सर्विस लेन पर मंगलवार को गुरु नानक हार्डवेयर के समीप दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार के चलते दोनों बाइक अनियंत्रित होकर आपस में भिड़ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों सवार सड़क पर गिरकर घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। आसपास मौजूद दुकानदारों व राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुकरौली पहुंचाया।
घायलों की पहचान प्रवीण कन्नौजिया (27) पुत्र हीरा कन्नौजिया, निवासी पिडरा घुरदास तथा गणेश शर्मा (45) पुत्र राम बच्चन शर्मा, निवासी पिंडरा भेडीयारी के रूप में हुई। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के दौरान प्रवीण कन्नौजिया के पैर में फ्रैक्चर की पुष्टि की। हालत गंभीर होने पर परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर ले गए।
वहीं दूसरे घायल गणेश शर्मा को मामूली चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस लेन पर वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर, स्थानीय दुकानदारों ने प्रशासन से सर्विस लेन पर वाहनों की गति नियंत्रित कराने और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों पर रोक लगाई जा सके।

Related Post

Leave a Comment