धूमधाम से मनाया गया गणगौर विदाई समारोह, महिलाओं की भव्य भागीदारी से नगर हुआ उत्सवमय

धूमधाम से मनाया गया गणगौर विदाई समारोह, महिलाओं की भव्य भागीदारी से नगर हुआ उत्सवमय

कुशीनगर। गणगौर विदाई समारोह नगर में पूरे श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। लगभग 25 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहे इस समारोह में महिला समिति के तत्वावधान में सैकड़ों महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और कार्यक्रम को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
गणगौर पर्व भारतीय संस्कृति में विशेष महत्व रखता है। यह माँ गौरा (पार्वती) और भगवान शिव के अटूट प्रेम, सौभाग्य और सुख-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है। इसी कड़ी में आयोजित विदाई समारोह में महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की खुशहाली, वैवाहिक जीवन की मंगलकामना और समाज में शांति की प्रार्थना की।
कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने लोकगीत, मंगलगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को भक्तिमय और उल्लासपूर्ण बना दिया। नगर के विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा और स्वागत के साथ शोभायात्रा का अभिनंदन किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा वातावरण देखने को मिला।
भव्य शोभायात्रा साहबगंज से प्रारंभ होकर गणेश मंदिर चौराहा, अग्रवाल विवाह भवन, नौका टोला होते हुए हनुमान इंटरमीडिएट कॉलेज के समीप स्थित पोखरे तक पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ माँ गौरा की प्रतिमाओं का विसर्जन कर कार्यक्रम का समापन किया गया।
समिति की अध्यक्ष मीना शर्मा ने बताया कि ऐसे आयोजन न केवल हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखते हैं, बल्कि महिलाओं को एक सशक्त मंच भी प्रदान करते हैं, जहां वे अपनी प्रतिभा और एकजुटता का परिचय देती हैं।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनीष “बुलबुल” जायसवाल ने महिलाओं के उत्साह और सक्रिय सहभागिता की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक है।
कार्यक्रम में मीना शर्मा, सीमा शर्मा, अनिता शर्मा, पूजा शर्मा, सुनीता शर्मा, सरिता शर्मा, रानी शर्मा, मीनू जिंदल, ऊषा शर्मा, रुचि शर्मा, चन्दा शर्मा, पिंकी शर्मा सहित सैकड़ों महिलाएं उपस्थित रहीं।
इस भव्य आयोजन ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि पारंपरिक त्योहार समाज को जोड़ने और सांस्कृतिक मूल्यों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Post

Leave a Comment