अपराध पर अंकुश व पीड़ितों को न्याय दिलाना पहली प्राथमिकता – आलोक यादव,,

तुर्कपट्टी थाने का कार्यभार संभालते ही सक्रिय हुए नवागत थानाध्यक्ष
कसया/कुशीनगर। जनपद कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाना में नवागत थानाध्यक्ष आलोक यादव ने बुधवार को औपचारिक रूप से अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया। पदभार संभालते ही उन्होंने थाना परिसर में सभी पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर परिचय प्राप्त किया तथा क्षेत्र की कानून व्यवस्था व गतिविधियों के बारे में विस्तृत जानकारी ली।
थानाध्यक्ष आलोक यादव ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपराध पर सख्ती से अंकुश लगाना और पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि गरीब, असहाय और जरूरतमंद फरियादियों की शिकायतों को पारदर्शिता के साथ सुना जाएगा और उन्हें निष्पक्ष न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पूरे थाना क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए विशेष रणनीति बनाई जाएगी। अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लगातार सक्रिय रहेगी।
थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना भी उनकी प्राथमिकता में शामिल है। पुलिस की रात्रि गश्त को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा ताकि क्षेत्र में अपराध की घटनाओं पर नियंत्रण रखा जा सके।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि निर्दोष लोगों को किसी भी प्रकार से परेशान नहीं किया जाएगा, लेकिन अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही क्षेत्र के नागरिकों से अपील की कि वे पुलिस का सहयोग करें और किसी भी प्रकार की अफवाहों से दूर रहें।
विदित हो कि इससे पहले आलोक यादव जटहा बाजार थाना में थानाध्यक्ष के पद पर तैनात थे। बीते मंगलवार रात उनके स्थानांतरण के बाद उन्हें तुर्कपट्टी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
रिपोर्ट : के एन राय ओम पत्रिका कुशीनगर