गैस सिलेंडर की किल्लत की अफवाह पर प्रशासन सख्त, कसया में एसडीएम ने किया निरीक्षण
रिपोर्ट – ओम पत्रिका न्यूज, कुशीनगर
म












हेंद्र सिंह तंवर के निर्देश पर तहसील कसया में गैस सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उप जिलाधिकारी कसया ने क्षेत्र की गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रशासन ने साफ किया कि क्षेत्र में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और स्टॉक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है।उप जिलाधिकारी ने एचपी की अनुष्का गैस एजेंसी, अहिरौली बाजार का निरीक्षण किया, जहां गोदाम में कुल 342 गैस सिलेंडर उपलब्ध पाए गए। मौके पर करीब 117 उपभोक्ता अपने सिलेंडर लेकर खड़े थे। जांच के दौरान पता चला कि वितरण में देरी का कारण ओटीपी संबंधी तकनीकी समस्या थी। इस समस्या को गैस कंपनी के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर तुरंत ठीक कराया गया, जिसके बाद सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर वितरित कराया गया।
उप जिलाधिकारी ने मौजूद लोगों को समझाया कि शहर क्षेत्र में 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन के बाद ही दूसरा सिलेंडर दिया जाता है। निरीक्षण में यह भी पाया गया कि कुछ लोग 5 दिन पहले ही सिलेंडर भरवाने के बावजूद दूसरा सिलेंडर लेने के लिए आ गए थे। उन्हें बताया गया कि पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है, इसलिए किसी प्रकार की गलतफहमी में न पड़ें और निर्धारित समय पर ही गैस प्राप्त करें।
इसके बाद उप जिलाधिकारी ने एचपी की केश कांति गैस एजेंसी का भी निरीक्षण किया। वहां बताया गया कि आज 341 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है। निरीक्षण के समय वहां केवल दो उपभोक्ता मौजूद मिले, जिन्हें तत्काल गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया गया।
उप जिलाधिकारी ने जानकारी दी कि तहसील कसया में कुल 17 गैस एजेंसियां संचालित हैं, जिनमें एचपी, बीपीसीएल और इंडेन की एजेंसियां शामिल हैं। सभी एजेंसियों पर गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और नियमित रूप से आपूर्ति हो रही है।
प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि गैस की कमी की अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर भ्रम फैलाता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
उप जिलाधिकारी ने सभी 17 गैस एजेंसियों पर निगरानी के लिए एक-एक कर्मचारी की तैनाती भी कर दी है। वहीं सप्लाई इंस्पेक्टर को शाम 6 बजे तक स्टॉक और वितरण की रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि 12 मार्च को तहसील कसया में सभी गैस एजेंसी संचालकों की बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसमें उप जिलाधिकारी ने समय पर गैस वितरण सुनिश्चित करने और उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न होने देने के कड़े निर्देश दिए थे।