सुकरौली में नवनियुक्त भाजपा मंडल अध्यक्ष का स्वागत, कार्यकर्ता बैठक आयोजित


कुशीनगर (जगदीश सिंह)
हाटा तहसील क्षेत्र के विकासखंड सुकरौली स्थित क्षेत्र पंचायत सभागार में शनिवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष रामप्रवेश कश्यप के स्वागत समारोह एवं कार्यकर्ता परिचय बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हाटा विधायक मोहन वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही, ब्लॉक प्रमुख रंजन पासवान तथा ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र पासवान शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता निवर्तमान मंडल अध्यक्ष ज्ञान विक्रम सिंह ने की।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त मंडल अध्यक्ष रामप्रवेश कश्यप का फूल-मालाओं से स्वागत किया। मुख्य अतिथि मोहन वर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता हैं। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने में हर कार्यकर्ता की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए पार्टी की नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
पूर्व जिलाध्यक्ष जयप्रकाश शाही ने कहा कि संगठन अनुशासन, समर्पण और आपसी समन्वय से ही मजबूत होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करने की अपील की।
ब्लॉक प्रमुख रंजन पासवान एवं ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि महेंद्र पासवान ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष सुकरौली राजनेति कश्यप,जिला प्रतिनिधि संजीव जायसवाल, मंडल कोषाध्यक्ष राजेश जायसवाल, भाजपा युवा नेता रविश सिंह, ऋषि त्रिपाठी, सुभाष पांडे, वरुण जायसवाल, दिनेश सिंह, सभासद जटाशंकर यादव सहित बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र संयोजक और भाजपा के अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं का परिचय कराया गया तथा संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
