खुले में मीट बिक्री पर प्रशासन सख्त, कसया में चला व्यापक अभियान

Spread the love

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री जी अक्षय दीपक जी के निर्देश पर हुई कार्यवाही।

कुछ दुकानो का चालान काटा गया, कुछ के खिलाफ कार्यवाही और शेष लोगों को चेतावनी दी गई।

कसया/कुशीनगर। के एन साहनी

कसया नगर क्षेत्र में खुले में मुर्गे-बकरे काटकर मीट बेचने वालों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कसया ज्वाइंट मजिस्ट्रेट श्री अक्षय दीपक के निर्देशन में तथा फाजिलनगर के नायब तहसीलदार राहुल खरवार की मौजूदगी में कसया क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाकर खुले में कटान और असुरक्षित तरीके से मीट की बिक्री करने वालों को कड़ी चेतावनी दी गई।

अभियान में ईओ अंकिता शुक्ला, कस्बा चौकी इंचार्ज मनोज द्विवेदी, कानूनगो शिवमूरारीलाल श्रीवास्तव, कानूनगो राजन मिश्रा, रामेन्द्र तिवारी लेखपाल, नपा कर्मचारी हरेन्द्र यादव तथा खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम मौजूद रही।

टीम ने कसया के विभिन्न स्थानों पर निरीक्षण करते हुए मीट विक्रेताओं को साफ-सफाई बनाए रखने और सुरक्षित तरीके से मांस की बिक्री करने के निर्देश दिए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सड़क किनारे खुले में मांस काटने और बेचने से गंदगी, दुर्गंध तथा संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

नायब तहसीलदार राहुल खरवार ने मीट विक्रेताओं को विशेष रूप से चेताया कि बीमार अथवा डायरिया से ग्रसित मुर्गे-बकरे को किसी भी स्थिति में काटकर बिक्री न की जाए। ऐसा मामला सामने आने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और इसके लिए वह स्वयं जिम्मेदार होगा।

प्रशासन ने मीट कारोबारियों से कहा कि व्यापार करने में कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा और जनस्वास्थ्य के नियमों का पालन करना अनिवार्य है। खुले में कटान कर सड़क और आसपास के वातावरण को प्रदूषित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त मौजूदगी में चले अभियान से खुले में मीट बिक्री करने वालों में हड़कंप मचा रहा। प्रशासन ने संकेत दिया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *